मोबाइल से 60 सेकंड का धमाका ! रील बनाकर छत्तीसगढ़ में चमकाएं अपना हुनर, युवा महोत्सव देगा राज्य स्तर तक पहचान

नशामुक्ति के संदेश पर होगा Creative Youth Reel Challenge, 15 से 29 वर्ष के युवाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच, 100 अंकों से तय होंगे विजेता


बेमेतरा टाइम्स । अब प्रतिभा दिखाने के लिए बड़े मंच और महंगे संसाधनों की जरूरत नहीं, आपके हाथ में मौजूद एक स्मार्टफोन भी आपकी पहचान बना सकता है। छत्तीसगढ़ युवा महोत्सव 2026 में जिले के युवाओं को कुछ ऐसा ही सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। महज 60 सेकंड की एक शानदार रील युवाओं के हुनर को राज्य स्तर तक पहुंचाने का माध्यम बन सकती है। युवा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने जा रहे Creative Youth Reel Challenge में युवाओं को अपनी रचनात्मकता, अभिनय, संवाद और डिजिटल प्रतिभा के दम पर अपनी अलग पहचान बनाने का मौका मिलेगा।

इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह है कि इसमें मनोरंजन के साथ सामाजिक सरोकार को भी केंद्र में रखा गया है। प्रतियोगिता की थीम "नशामुक्त युवा फॉर विकसित छत्तीसगढ़" निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग बढ़ाने और नशे के खिलाफ युवाओं की आवाज को बुलंद करना है। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता के नियम एवं दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

60 सेकंड में दिखाना होगा हुनर, नशे के खिलाफ बुलंद करनी होगी आवाज

प्रतिभागियों को अधिकतम 60 सेकंड की एक मौलिक और रचनात्मक रील तैयार करनी होगी। इसमें नशे के दुष्परिणाम, युवाओं के भविष्य पर इसका प्रभाव, नशे से दूरी और स्वस्थ एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करना होगा। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक रील ही प्रस्तुत कर सकेगा।

15 से 29 वर्ष के छत्तीसगढ़ी मूल निवासी युवाओं को मौका

प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के छत्तीसगढ़ के मूल निवासी युवा हिस्सा ले सकेंगे। इच्छुक प्रतिभागी WhatsApp नंबर 98261 68395 पर संदेश भेजकर पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के लिए पूरा नाम और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा।

Instagram पर पोस्ट करनी होगी रील, Collab और Tag भी जरूरी

प्रतिभागियों को अपनी तैयार रील व्यक्तिगत Instagram अकाउंट पर पोस्ट करनी होगी। पोस्ट करते समय बेमेतरा जिले के आधिकारिक Instagram अकाउंट @bemetaradistrict को Collab में जोड़ना और Tag करना अनिवार्य रहेगा। साथ ही #Cg_Youth_Fest2026 और #NashaMuktChhattisgarh हैशटैग का उपयोग करना होगा। रील पोस्ट करने के बाद उसका लिंक आयोजन समिति को उपलब्ध कराना होगा।

सिर्फ लाइक्स नहीं, हुनर और मौलिकता भी तय करेगी जीत

प्रतियोगिता में विजेताओं का चयन 100 अंकों के मूल्यांकन के आधार पर किया जाएगा। सोशल मीडिया पर वास्तविक सहभागिता को 40 अंक दिए जाएंगे, जबकि रचनात्मकता और मौलिकता के लिए 25 अंक निर्धारित हैं। निर्धारित थीम के अनुरूप संदेश के लिए 20 अंक तथा प्रस्तुतीकरण एवं तकनीकी गुणवत्ता के लिए 15 अंक मिलेंगे।

फर्जी लाइक्स, बॉट अथवा कृत्रिम माध्यमों से लाइक्स बढ़ाने की पुष्टि होने पर प्रतिभागी की प्रविष्टि निरस्त कर दी जाएगी। यानी प्रतियोगिता में केवल लोकप्रियता नहीं, बल्कि प्रतिभा, सोच, संदेश और प्रस्तुतीकरण भी जीत का रास्ता तय करेंगे।

अंतिम तिथि का इंतजार, युवाओं को तैयारी शुरू करने की सलाह

रील पोस्ट करने की अंतिम तिथि फिलहाल निर्धारित नहीं की गई है। इसकी जानकारी बाद में पृथक से साझा की जाएगी। ऐसे में इच्छुक युवा अभी से अपनी रचनात्मक तैयारी शुरू कर सकते हैं।

एक रील बनेगी बदलाव की आवाज, मोबाइल से बनेगी नई पहचान

युवा महोत्सव का यह आयोजन केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेशवाहक बनाने की पहल भी है। 60 सेकंड की छोटी-सी रील नशे के खिलाफ बड़ी मुहिम का हिस्सा बन सकती है। अब देखना होगा कि बेमेतरा के युवा अपने कैमरे, कल्पनाशक्ति और रचनात्मक सोच के दम पर किस तरह अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हैं। जिले के पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर नशामुक्त एवं विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मजबूत करने की अपील की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post