नवागढ़। संसदीय सचिव एवं नवागढ़ विधायक गुरूदयाल सिंह बंजारे पर नगर पंचायत नवागढ़ के शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण करने एवं प्रशासन द्वारा सन्देहास्पद ढंग से उसी शासकीय भूमि को बेचने की प्रक्रिया का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी नवागढ़ मण्डल के द्वारा विधायक के खिलाफ एकदिवसीय धरना प्रदर्शन कर कलेक्टर ने नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इसके पूर्व भाजपाइयों ने धरना स्थल जनपद नवागढ़ से राजीव गांधी चौक होते हुए एसडीएम कार्यालय तक रैली निकाली, जिसमें विधायक बंजारे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि न्यायालय तहसीलदार नवागढ़ में प्रकरण में खसरा नंबर 659 रकबा 0.85 हेक्टेयर शासकीय भूमि को आवास हेतु शासन निर्धारित दर पर क्रय के लिए नवागढ़ विधायक गुरूदयाल सिंह बंजारे के पिता दुजेराम बंजारे के नाम से इश्तहार जारी हुआ है, जबकि उक्त भूमि पर पहले से ही अतिक्रमण किया गया है। जिसका आज तक नवागढ़ तहसील में कोई अतिक्रमण का प्रकरण दर्ज नही किया गया है।
भाजपाइयों ने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया प्रशासन के संरक्षण में संदेहास्पद व पूर्व निर्धारित प्रतीत हो रही है। उन्होंने मांग किया कि संपूर्ण प्रकरण पर रोक लगाकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए अन्यथा भारतीय जनता पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी जिसकी समस्त जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी।
प्रदेश महामंत्री एससी एससी मोर्चा दयावंत धर बांधे ने कहा कि नवागढ़ विधायक गुरुदयाल बंजारे अपने पिता के नाम पर शासकीय जमीन का घोटाला कर रहे हैं। भ्रष्टाचार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मकान खड़ा कर घेराबंदी होने के बाद तहसीलदार के द्वारा उसी भूमि के विक्रय का इश्तहार निकाला गया है। प्रशासन विधायक के इशारे में नियमो को ताक पर रखकर काम कर रही है।
महिला मोर्चा जिला महामंत्री मधु राय ने कहा कि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि का काम क्षेत्र की जनता को उनका हक दिलाना है लेकिन नवागढ़ विधायक को शासन की ही भूमि पर कब्जा बनाए बैठे है। अगर यहां का नेता ही भ्रष्ठ है तो जनता किसके पास गुहार लगाएगी। इनके रायपुर वापसी के दिन नजदीक है।
पूर्व नप अध्यक्ष गिरेन्द्र महिलांग ने कहा कि मामले में संलिप्त जनप्रतिनिधि व अधिकारियों के ऊपर यदि जल्द कार्यवाही नही की गई तो भाजपा सड़क से लेकर आमरण अनशन तक करेगी। किसी को नवागढ़ की शासकीय सम्पत्ति लूटने नही देंगे।
इस दौरान जिला सहकारिता प्रकोष्ठ संयोजक नरेंद्र शर्मा,पूर्व जनपद सदस्य निमिराज सोनवानी, सुरेन्द्र राजपूत, गुरमुख भार्गव, मिन्टू बिसेन, सुरेश साहू, टीकम गोस्वामी, सुरेश निषाद, गोलु सिन्हा, फुलचंद साहू, रितेश मिश्रा, धनीराम निर्मलकर, नंदकुमार साहू, कुलेश्वर सिन्हा, खेमिन बाई साहू, तारकेश्वरी सोनकर, दुर्जन साहू, गजेन्द्र साहू, तोरण निषाद, मनीष श्रीवास, संजू राजपूत, तनु दीवान, भोला सिंह, मनहरण केशरवानी, तोपसिंग साहू, रामलखन सही,शोभित साहू, केदार साहू, प्रेमुलाल वर्मा,ताराचंद पाल,बाबुलाल रजक, अनंत साहू, नितेश चौहान, पुहुप साहू, दिलीप बंजारे,भगीरथी साहू,डोमन साहू, मोहन साहू, मिथलेश सोनकर,भगत, मनोज, कृष्णा ध्रुव,शेखर महिलांग, गोपी, कोमल सिंह, रामजी, रघुनंदन सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
