जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमेरिका दास कोठारी (55 वर्ष), निवासी करमतरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका बड़ा पुत्र हरीचंद कोठारी रायपुर में कार्यरत था। दिनांक 05.06.2026 की रात लगभग 02 बजे बहू कैलाशी बाई ने फोन कर बताया कि हरीचंद छत पर अचेत अवस्था में पड़ा है।
परिजन जब छत पर पहुंचे तो हरीचंद कोठारी मृत अवस्था में मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। गर्दन पर चोट के निशान, सिर के पीछे किसी ठोस वस्तु से वार के संकेत तथा खून सूखने के निशान पाए गए। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर थाना साजा में धारा 103(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों—पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव एवं एसडीओपी बेरला विनय कुमार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही पत्नी कैलाशी बाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद और मारपीट चल रही थी। इससे तंग आकर आरोपी पत्नी ने रात्रि में सोते समय पति का गला दबाया और लोहे के मुसर से सिर व गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का मुसर सहित अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। आरोपी कैलाशी बाई को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
इस पूरे मामले के खुलासे में थाना साजा प्रभारी निरीक्षक रोशन लाल टोन्डे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
