कबीरपंथ के इतिहास में पहली बार 227 किमी की ऐतिहासिक पदयात्रा, दामाखेड़ा से मंडला तक गूंजेगी कबीर साहेब की वाणी, व्यवस्था के लिए एसकेडीवी मिशन के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन !

10 दिसंबर को दामाखेड़ा से होगा शुभारंभ, 11 दिसंबर तक बेमेतरा जिले में रहेगा पदयात्रा दल, सुरक्षा, एंबुलेंस, पेयजल और यातायात व्यवस्था के लिए कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन


बेमेतरा टाइम्स । कबीरपंथ के इतिहास में पहली बार आयोजित होने जा रही 227 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक पदयात्रा को लेकर कबीरपंथी समाज में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पूज्य पंथ श्री हुजूर उदितमुनि नाम साहेब के पावन सान्निध्य में यह पदयात्रा 10 दिसंबर 2026 को कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा से प्रारंभ होकर 20 दिसंबर को मध्यप्रदेश के मंडला स्थित सद्गुरु कबीर बाड़ा में परम पूज्य पंथ श्री प्रमोद गुरु बालापीर नाम साहेब के समाधि स्थल पर दर्शन के साथ संपन्न होगी।

इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन के दौरान बेमेतरा जिले में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ और पदयात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सद्गुरु कबीर धर्मदास वंशावली मिशन जिला बेमेतरा ने जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर व्यापक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है।

ज्ञापन के अनुसार पदयात्रा 10 दिसंबर को दोपहर लगभग 1 बजे बेमेतरा जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। इसके बाद मटका होते हुए लोलेसरा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम, सत्संग एवं भंडारे का आयोजन प्रस्तावित है। 11 दिसंबर को पदयात्रा ग्राम लोलेसरा से आगे के लिए प्रस्थान करेगी। इसी दौरान कबीर आश्रम बेमेतरा और ग्राम कन्हेरा में भी दोपहर भोजन की व्यवस्था प्रस्तावित है।

सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक की मांग

मिशन के छग युवा प्रतिनिधि खेलन सिंह वर्मा एंव बेमेतरा जिला प्रतिनिधि एवन वर्मा ने बताया कि पदयात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों और रात्रि पड़ाव स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की है। सत्संग एवं भंडारे के दौरान विशेष सुरक्षा निगरानी और पुलिस पेट्रोलिंग के साथ राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर सुरक्षित आवागमन के लिए पायलट और फॉलो वाहन उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।

वहीं, पदयात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऑक्सीजन सिलिंडर, स्ट्रेचर, प्राथमिक उपचार किट, जीवनरक्षक दवाइयों से सुसज्जित एंबुलेंस के साथ डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की मांग की गई है। रात्रि पड़ाव स्थल पर मोबाइल स्वास्थ्य जांच दल और जिला अस्पताल में आपातकालीन उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्था रखने का भी अनुरोध किया गया है।

चार स्थानों पर टैंकरों से पेयजल उपलब्ध कराने की मांग

श्रद्धालुओं एवं पदयात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था को लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से विशेष मांग की गई है। ज्ञापन में 10 दिसंबर को ग्राम मटका के पड़ाव स्थल पर तीन टैंकर तथा कबीर आश्रम बेमेतरा में दोपहर भोजन के दौरान दो टैंकर उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसी तरह 11 दिसंबर को लोलेसरा पड़ाव स्थल पर तीन टैंकर और ग्राम कन्हेरा में दोपहर भोजन के लिए दो टैंकर उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। इसके अतिरिक्त बेमेतरा जिले की सीमा से कबीरधाम जिले की सीमा तक पदयात्रा के दौरान भी पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

सफाई, रोशनी और अग्निशमन की भी रहेगी जरूरत

मिशन ने रात्रि पड़ाव स्थलों पर चलित शौचालय, नियमित साफ-सफाई, कचरा संग्रहण, चूने का छिड़काव, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा जरूरत पड़ने पर जनरेटर उपलब्ध कराने की मांग की है। विशाल भंडारे एवं श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए एहतियातन फायर ब्रिगेड वाहन तैनात रखने का भी आग्रह किया गया है।

मिशन पदाधिकारियों ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि आयोजन की धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए पुलिस, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय निकाय और पंचायत सहित संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि पदयात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post