2–3 माह पहले शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, कलेक्टर से लगाई बिजली बिलों की जांच और सुधार की गुहार
ग्रामीणों के अनुसार इस समस्या को लेकर वे पूर्व में बिजली विभाग नवागढ़ कार्यालय पहुंचकर शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद विभाग के जेई ने लगभग दो से तीन माह पहले गांव पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी भी ली थी। बावजूद इसके अब तक बिजली बिलों में सुधार को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है और उपभोक्ताओं को लगातार अधिक राशि के बिल मिल रहे हैं।
मामले को लेकर ग्राम बोरतरा के ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से कलेक्टर को आवेदन सौंपकर संबंधित उपभोक्ताओं के बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली मीटर की रीडिंग, वास्तविक खपत और जारी किए गए बिलों का मिलान कराया जाए तथा यदि बिलों में गड़बड़ी पाई जाती है तो तत्काल संशोधन कर वास्तविक खपत के आधार पर बिल जारी किए जाएं।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत पर जिला प्रशासन और विद्युत विभाग कब तक संज्ञान लेते हैं और उपभोक्ताओं को इस कथित मनमानी से राहत मिल पाती है।
