मातृत्व अवकाश की रिकवरी का डर दिखाकर तीन महिला कर्मचारियों से कथित वसूली की कोशिश, संविदा शिक्षकों ने पहले भी की थी शिकायत, अब संघ ने दी तीन दिन की अंतिम चेतावनी
मातृत्व अवकाश के नाम पर 1.65 लाख रुपये मांगने का आरोप
कलेक्टर को दिए गए पूर्व आवेदन के अनुसार विद्यालय में कार्यरत श्रीमती मोनिका वर्मा, श्रीमती रामेश्वरी बारे एवं श्रीमती ईश्वरी चंद्राकर ने नियमानुसार मातृत्व अवकाश लिया था। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि अवकाश के लिए आवश्यक दस्तावेज तत्कालीन प्राचार्य एवं आहरण-संवितरण अधिकारी (DDO) को उपलब्ध कराए गए थे। तत्कालीन प्राचार्य द्वारा मातृत्व अवकाश स्वीकृत भी किया गया था तथा इसका उल्लेख विद्यालय की उपस्थिति पंजी में दर्ज है।
महिला कर्मचारियों का आरोप है कि आवेदन जमा करते समय लिखित पावती मांगे जाने के बावजूद कार्यालय द्वारा उन्हें रिसीविंग नहीं दी गई। अब लगभग दो वर्ष बाद वर्तमान प्राचार्य जी.आर. चतुर्वेदी द्वारा मातृत्व अवकाश की राशि रिकवरी किए जाने की धमकी दी जा रही है। शिकायत में भरतलाल कश्यप, शिक्षक (अंग्रेजी), के माध्यम से तीनों महिला कर्मचारियों से क्रमशः 60 हजार, 60 हजार और 45 हजार रुपये की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस तरह कुल 1 लाख 65 हजार रुपये की कथित मांग का मामला सामने आया है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित शिक्षक द्वारा धनराशि का पैकेट बनाकर विद्यालय के बाबू के पास छोड़ने के लिए कहा जा रहा है। इसके लिए बाबू का मोबाइल नंबर भी व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे जाने का आरोप लगाया गया है। महिला कर्मचारियों ने इसे मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक दबाव बताते हुए कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग की है।
पहले तीन महिला कर्मचारियों ने उठाया था आर्थिक शोषण का मामला
गौरतलब है कि इस प्रकरण को लेकर छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद तीन महिला कर्मचारी पहले जिला प्रशासन के समक्ष शिकायत प्रस्तुत किया है। दिए गए आवेदन में विद्यालय के संविदा शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने आर्थिक शोषण, कथित अवैध वसूली, मानसिक प्रताड़ना, नौकरी से निकालने की धमकी तथा गोपनीय प्रतिवेदन (CR) खराब करने का भय दिखाने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
पूर्व शिकायत में संविदा शिक्षकों से कथित रूप से 10 हजार रुपये की मांग तथा मातृत्व अवकाश के नाम पर 40 हजार रुपये की धनराशि मांगे जाने का उल्लेख भी किया गया था। संघ ने इन सभी आरोपों की बिंदुवार जांच, शिकायतकर्ताओं को सुरक्षा और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की थी।
तीन दिन की चेतावनी, आंदोलन की तैयारी
संघ ने अपने अंतिम चेतावनी पत्र में जिला प्रशासन से अधिकतम तीन दिवस के भीतर निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच एवं प्रभावी कार्रवाई प्रारंभ करने की मांग की है। संघ की प्रमुख मांगों में शिकायतकर्ताओं एवं गवाहों पर दबाव नहीं बनाने, जांच प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रशासनिक रूप से अन्यत्र पदस्थ करने, महिला कर्मचारियों की गरिमा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की प्रतिशोधात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग शामिल है।
संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय-सीमा में ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो पीड़ित कर्मचारियों के समर्थन में जिला मुख्यालय बेमेतरा में व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्वरूप देने की भी चेतावनी दी गई है।
अब प्रशासन की जांच पर टिकी निगाहें
एक ओर महिला कर्मचारियों ने स्वीकृत मातृत्व अवकाश के बावजूद रिकवरी की धमकी और कथित धन मांगने की शिकायत की है, वहीं दूसरी ओर संगठन विद्यालय में संविदा कर्मचारियों के साथ कथित आर्थिक शोषण एवं मानसिक प्रताड़ना का मुद्दा उठा रहा है। ऐसे में अब जिला प्रशासन के सामने शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की चुनौती है। सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन इन गंभीर आरोपों की समयबद्ध जांच कराएगा और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी, या फिर कर्मचारी न्याय के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे?
