बेमेतरा-दुर्ग जिले में चैन स्नैचिंग और चोरी की वारदातों को देता था अंजाम, झपटमार और चोरी के जेवर खरीदने वाला सराफा कारोबारी भी पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस के अनुसार ग्राम मलपुरीखुर्द निवासी गंगू राम यादव ने 16 नवंबर 2026 को थाना बेरला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 नवंबर को वह अपनी मोटरसाइकिल से अपनी सास दुरपति यादव और पत्नी सोहद्रा यादव को लेकर ग्राम सोढ़ से बेरला होते हुए मलपुरीखुर्द जा रहा था। दोपहर करीब 3:15 बजे जब वे दुधनंगा नाला, बासा बेरला-रायपुर रोड के पास पहुंचे, तभी सफेद गमछा बांधे एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उनका पीछा किया और पीछे बैठी सोहद्रा यादव के गले से सोने का गुलबंद हार झपटकर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव एवं एसडीओपी बेरला श्रीमती रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना बेरला की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम माटरा में एक व्यक्ति सोने के जेवर बेचने के लिए लोगों से संपर्क कर रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने ग्राम माटरा निवासी प्रणत पाल साहू (35 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बेरला थाना क्षेत्र के दुधनंगा नाला के पास महिला से सोने का हार झपटने की बात स्वीकार की। साथ ही दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरी में भी राहगीर से सोने के जेवर झपटने और धौराभाठा में एक मकान का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने की जानकारी दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी झपटमारी और चोरी से प्राप्त सोने के जेवर अलग-अलग ज्वेलर्स को बेचता था। इसी कड़ी में जेवर खरीदने वाले जेवरा सिरसा निवासी हेमंत साहू (48 वर्ष) को भी पुलिस ने कार्रवाई के दायरे में लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सोने के जेवरात और मोटरसाइकिल बरामद की है।
2.36 लाख का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी प्रणत पाल साहू के कब्जे से सोने के मंगलसूत्र के टुकड़े, मराठी माला के लॉकेट, 12 नग सोने के मटर दाना तथा वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 DB 8211 बरामद की। वहीं हेमंत साहू के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत का टूटा हुआ सोने का नेकलेस बरामद किया गया। दोनों से कुल करीब 2 लाख 36 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रणत पाल साहू के विरुद्ध चोरी एवं चैन स्नैचिंग के बेरला और दुर्ग जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगभग पांच मामले दर्ज हैं। धमधा थाना क्षेत्र की वारदातों के संबंध में भी विवेचना की जा रही है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2), 317(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। मुख्य आरोपी को 22 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि दूसरे आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
एसपी ने टीम की कार्रवाई को सराहा
इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, थाना प्रभारी बेरला उप निरीक्षक राजकुमार साहू सहित साइबर सेल एवं थाना बेरला के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर मामले का खुलासा किया।
