शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप, वार्ड में भेदभाव और मनमानी का लगाया आरोप, पालिका कार्यालय के सामने शुरू किया अनिश्चितकालीन आंदोलन
इस आंदोलन की सबसे संवेदनशील तस्वीर तब सामने आई, जब पार्षद अपनी महज 13 दिन की नवजात बच्ची को गोद में लेकर अनशन स्थल पर बैठीं। बताया जा रहा है कि पार्षद का हाल ही में ऑपरेशन से प्रसव हुआ है। इसके बावजूद वार्ड की समस्या और जनता के हितों से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने आंदोलन का रास्ता अपनाया है। यह स्थिति नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली और शिकायतों पर कार्रवाई की गंभीरता को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है।
शासकीय जमीन पर निर्माण की शिकायत, फिर भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
पार्षद चांदनी रोशन दत्ता के अनुसार वार्ड क्रमांक 8 के सुंदर नगर फेस-2 में शासकीय भूमि पर बिना अनुमति निर्माण कार्य किए जाने की शिकायत उन्होंने 5 नवंबर 2026 को मुख्य नगर पालिका अधिकारी के समक्ष लिखित रूप से प्रस्तुत की थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद 23 नवंबर तक नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
इसके बाद पार्षद ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखित आवेदन देकर चेतावनी दी थी कि यदि तीन दिनों के भीतर संबंधित मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो वह 26 नवंबर से नगर पालिका कार्यालय के सामने आमरण अनशन पर बैठेंगी। आवेदन की प्रतिलिपि कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार एवं थाना प्रभारी को भी भेजी गई थी।
तीन दिन की चेतावनी के बाद भी समाधान नहीं, अब आर-पार की लड़ाई
पार्षद का कहना है कि वार्ड क्रमांक 8 में लगातार भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है और शासकीय जमीन पर अतिक्रमण के मामले में प्रशासन की निष्क्रियता समझ से परे है। उनका आरोप है कि आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इसी के विरोध में उन्हें धरना और आमरण अनशन का निर्णय लेना पड़ा।
नवजात को लेकर अनशन पर बैठने की नौबत क्यों आई?
13 दिन की नवजात बच्ची को गोद में लेकर ऑपरेशन के बाद पार्षद का आंदोलन पर बैठना इस पूरे मामले को और गंभीर बना रहा है। सवाल यह है कि आखिर शिकायतों के निराकरण के लिए एक जनप्रतिनिधि को इस हद तक जाने की नौबत क्यों आई? क्या नगर पालिका प्रशासन के पास समय रहते शिकायत का निराकरण करने का अवसर नहीं था? और यदि शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी, तो अब तक उसकी जांच और कार्रवाई की स्थिति क्या है?
फिलहाल पार्षद ने अपना आंदोलन शुरू कर दिया है। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन और जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं तथा शासकीय भूमि पर कथित अवैध निर्माण की निष्पक्ष जांच कराते हैं या नहीं।
