प्राचार्यों के नियमित पद खाली, उच्च शिक्षा व्यवस्था पर सवाल : ABVP ने डिप्टी कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

नियमित प्राचार्यों की नियुक्ति को लेकर विद्यार्थी परिषद ने डिप्टी कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, मांगें पूरी नहीं होने पर जिलेभर में उग्र लोकतांत्रिक आंदोलन की चेतावनी


बेमेतरा टाइम्स । जिले के शासकीय महाविद्यालयों में नियमित प्राचार्यों की नियुक्ति नहीं होने का मुद्दा अब गरमाने लगा है। महाविद्यालयों में प्राचार्यों के रिक्त पदों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिला प्रशासन को सात दिनों का अल्टीमेटम दिया है। परिषद ने डिप्टी कलेक्टर प्रीतम सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपकर जिले के सभी शासकीय महाविद्यालयों में नियमित प्राचार्यों की नियुक्ति की दिशा में तत्काल ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।

विद्यार्थी परिषद का कहना है कि प्राचार्य जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं शैक्षणिक पदों का रिक्त रहना उच्च शिक्षा व्यवस्था के प्रति प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। इसका सीधा असर महाविद्यालयों के शैक्षणिक संचालन, प्रशासनिक व्यवस्था और विद्यार्थियों के हितों पर पड़ रहा है। परिषद ने सवाल उठाया कि आखिर कब तक जिले के विद्यार्थी इस अव्यवस्था का खामियाजा भुगतते रहेंगे? क्या जिले की उच्च शिक्षा व्यवस्था को इसी तरह भगवान भरोसे छोड़ दिया जाएगा?

ज्ञापन के माध्यम से ABVP ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें जिले के सभी शासकीय महाविद्यालयों में नियमित प्राचार्यों के रिक्त पदों की जानकारी सार्वजनिक करना, नियमित नियुक्ति के लिए शासन एवं उच्च शिक्षा विभाग को तत्काल प्रस्ताव और अनुशंसा भेजना तथा नियुक्ति होने तक प्रत्येक महाविद्यालय में सक्षम प्रभारी प्राचार्य की व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है।

परिषद ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि सात दिनों के भीतर मांगों पर ठोस एवं लिखित कार्रवाई की जाए। निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक पहल नहीं होने पर विद्यार्थी परिषद जिले के विद्यार्थियों को साथ लेकर जिला प्रशासन एवं उच्च शिक्षा विभाग के विरुद्ध उग्र लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी

ज्ञापन नगर मंत्री आर्यन पुरेना द्वारा सौंपा गया। अब देखना होगा कि विद्यार्थी परिषद के सात दिवसीय अल्टीमेटम के बाद जिला प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग इस गंभीर शैक्षणिक मुद्दे पर क्या कदम उठाते हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post