शिवेंद्र वर्मा ने कार्यकर्ताओं का जताया आभार, समीक्षा बैठक में आगामी सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा
बैठक में छत्तीसगढ़िया युवा क्रान्ति सेना के प्रदेशाध्यक्ष शिवेंद्र वर्मा विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने रैली को भव्य एवं सफल बनाने में योगदान देने वाले जिले के समस्त पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और पुरखों की विरासत हमारी पहचान है। इसकी रक्षा और छत्तीसगढ़िया अधिकारों के लिए सभी को संगठित होकर निरंतर प्रयास करना होगा।
बैठक के दौरान रैली के आयोजन, व्यवस्थाओं और जनभागीदारी की समीक्षा की गई। साथ ही संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं तथा भविष्य में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुटता के साथ संकल्प लिया कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक रीति-रिवाजों और छत्तीसगढ़िया अस्मिता के संरक्षण का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
समीक्षा बैठक में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी जिला बेमेतरा के प्रमुख पदाधिकारी, युवा साथी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
