हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. लोमेश भारती ने सफलतापूर्वक निकाली दो मरीजों के हाथ-पैर में लगी रॉड, दोनों ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क, जिला अस्पताल में बढ़ने लगी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े के विशेष प्रयासों से जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। पहले जिन उपचारों और ऑपरेशनों के लिए मरीजों को रायपुर, दुर्ग अथवा अन्य बड़े शहरों की ओर जाना पड़ता था, अब उनमें से कई सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होने लगी हैं। इससे मरीजों को आर्थिक बोझ, लंबी यात्रा और समय की परेशानी से राहत मिल रही है।
दो मरीजों की सफल सर्जरी, निःशुल्क निकाली गई रॉड
जिला अस्पताल में पहली सफल सर्जरी विकासखंड साजा के ग्राम मुसुवाडीह निवासी 34 वर्षीय धरमू साहू की हुई। उनके पैर में पहले से रॉड लगी हुई थी, जिसके कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। चिकित्सकीय जांच के बाद हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. लोमेश भारती ने रॉड निकालने की सलाह दी। मरीज की सहमति के बाद डॉ. भारती ने निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. अमिताभ साहू एवं अस्पताल के सहयोगी स्टाफ के साथ सफल ऑपरेशन कर पैर में लगी रॉड सुरक्षित निकाल दी।
इसी तरह दूसरी सर्जरी में तहसील बेरला के ग्राम आन्दू निवासी 26 वर्षीय मिथलेश साहू के हाथ में लगी रॉड को भी सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। दोनों मरीजों का ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क किया गया। सर्जरी के बाद मरीजों ने उपचार को लेकर संतोष जताया तथा उनके परिजनों ने चिकित्सकों और अस्पताल के समस्त स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।
ऑर्थो से लेकर ईएनटी और जनरल सर्जरी तक विशेषज्ञ सुविधा
जिला चिकित्सालय में वर्तमान में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. लोमेश भारती, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार हेला तथा जनरल सर्जन डॉ. रेणु कुर्रे की सेवाएं उपलब्ध हैं। वहीं निश्चेतना विशेषज्ञ के रूप में डॉ. कुंदन स्वर्णकार, डॉ. अमिताभ साहू एवं डॉ. आदित्य की उपलब्धता से ऑपरेशन संबंधी सेवाओं को मजबूती मिली है। अस्पताल में ऑर्थोपेडिक, ईएनटी तथा हर्निया, पाइल्स सहित अन्य निर्धारित सर्जरी की सुविधाएं मरीजों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिलेवासियों के लिए राहत और सरकारी अस्पताल पर बढ़ता भरोसा
जिला अस्पताल में लगातार बढ़ती विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं जिले के मरीजों के लिए राहत की खबर हैं। स्थानीय स्तर पर ऑपरेशन की सुविधा मिलने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को निजी अस्पतालों तथा दूसरे शहरों में इलाज कराने के खर्च से राहत मिल सकती है। हाथ और पैर में लगी रॉड निकालने की दोनों सफल सर्जरी को जिला अस्पताल की इसी दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अब जरूरत इस बात की है कि इन सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो, ताकि बेमेतरा जिले के लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही जिले में मिलती रहें।
