ग्रीन लाइफ नर्सरी के टमाटर पौधों ने किसानों को दिया झटका ! रोपाई के 15 दिन में सूखने लगे पौधे, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं

गातापार (परपोड़ी) की नर्सरी पर अमानक एवं रोगग्रस्त टमाटर पौधे बेचने का आरोप, प्रभावित किसानों ने कलेक्टर को फिर सौंपा स्मरण आवेदन, जांच, कार्रवाई और मुआवजे की मांग


बेमेतरा टाइम्स । जिले के ग्राम गातापार (परपोड़ी) स्थित ग्रीन लाइफ नर्सरी से टमाटर के पौधे खरीदकर खेती करने वाले किसानों को कथित तौर पर भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। किसानों का आरोप है कि नर्सरी से खरीदे गए टमाटर के पौधे रोपाई के महज एक से दो सप्ताह के भीतर ही सूखकर मरने लगे। इससे उनकी पूरी मेहनत और खेती में लगाई गई पूंजी पर संकट खड़ा हो गया है।

इस मामले को लेकर प्रभावित किसानों ने पूर्व में 8 अक्टूबर को कलेक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत प्रस्तुत कर नर्सरी की जांच, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा नुकसान की क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की थी। लेकिन किसानों का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस एवं संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। इसी को लेकर किसानों ने एक बार फिर कलेक्टर को स्मरण आवेदन सौंपकर शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई की मांग की है।

किसानों के अनुसार टमाटर की उन्नत खेती की उम्मीद में उन्होंने नर्सरी से पौधे खरीदने के लिए राशि खर्च की थी। इसके बाद पौधों की रोपाई, खाद, दवाई, मजदूरी और सिंचाई पर भी अतिरिक्त खर्च किया गया। लेकिन रोपाई के कुछ ही दिनों बाद पौधों के सूखने से किसानों को दोहरी आर्थिक मार झेलनी पड़ रही है। किसानों ने आशंका जताई है कि पौधे अमानक अथवा रोगग्रस्त हो सकते हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

चार प्रमुख मांगों के साथ फिर लगाई गुहार

प्रभावित किसानों ने कलेक्टर से ग्राम गातापार स्थित ग्रीन लाइफ नर्सरी की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, अमानक एवं रोगग्रस्त पौधों के विक्रय की पुष्टि होने पर नर्सरी संचालक के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई करने, प्रभावित किसानों को हुए आर्थिक नुकसान की उचित क्षतिपूर्ति दिलाने तथा 8 अक्टूबर को प्रस्तुत पूर्व शिकायत पर अब तक कार्रवाई नहीं होने के कारणों की समीक्षा कर शीघ्र निराकरण करने की मांग की है।

किसानों ने अपने आवेदन के साथ पूर्व शिकायत की छायाप्रति, प्रभावित किसानों की सूची, पौधों की खरीदी के बिल एवं भुगतान रसीद तथा खराब पौधों और प्रभावित फसल के फोटोग्राफ संलग्न करने की बात कही है।

अब प्रशासनिक जांच और कार्रवाई का इंतजार

किसानों का कहना है कि खेती उनकी आजीविका का प्रमुख आधार है। यदि नर्सरी से बेचे गए पौधे ही गुणवत्ताहीन निकलते हैं तो इसका सीधा असर किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। ऐसे मामलों में समय पर जांच और कार्रवाई नहीं होने से किसानों का नुकसान और बढ़ सकता है। अब देखना होगा कि प्रभावित किसानों की दोबारा लगाई गई गुहार पर जिला प्रशासन कितनी गंभीरता से संज्ञान लेता है और किसानों को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post