केवाछी राज सेन समाज का ऐतिहासिक फैसला : दसगात्र-पगबंधी पर मिलेगा 5 हजार सहयोग, काठी प्रथा में भी बड़ा बदलाव


बेमेतरा। ग्राम कचुआ (केवाछी राज) में सेन समाज की एक महत्वपूर्ण एवं निर्णयकारी बैठक का आयोजन किया गया। समाज के कुरहा एवं दीवान की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में समाज के उत्थान, एकजुटता और सामाजिक सुधार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।

बैठक की जानकारी देते हुए समाज के संरक्षक नाथूराम सेन ने बताया कि केवाछी राज सेन समाज ने अपने सामाजिक बंधुओं के हित में एक नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अब समाज के किसी भी सदस्य के घर में दसगात्र एवं पगबंधी कार्यक्रम होने पर समाज की ओर से ₹5,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस निर्णय का उद्देश्य शोकाकुल परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करना है।

काठी प्रथा में बदलाव, नगद सहयोग को मिली मंजूरी

बैठक में सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए काठी (शोक) कार्यक्रम में कपड़े लाने की परंपरा में बदलाव किया गया। अब समाज के स्वजातीय बंधु कपड़े के स्थान पर ₹50 या ₹100 की नगद सहयोग राशि भेंट करेंगे। समाज का मानना है कि इससे पीड़ित परिवार को सीधे आर्थिक सहायता मिलेगी तथा अनावश्यक खर्चों पर भी रोक लगेगी।

समाज को और मजबूत बनाने पर हुई चर्चा

बैठक के दौरान कुरहा भूखन सेन ने समाज की एकता और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का विषय उठाया। इस पर उपस्थित सामाजिक बंधुओं ने अपने विचार रखे और समाज को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने की रणनीतियों पर विस्तार से मंथन किया।

इन वरिष्ठजनों की रही विशेष उपस्थिति

बैठक में समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से दीवान खेमु सेन, संरक्षक नाथूराम सेन एवं अंभ्भन सेन, उपाध्यक्ष चित्ररेन सेन (मोहतरा), नगर अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद सेन, पंचगण संतोष सेन, घासी सेन, राजकुमार सेन एवं बीरू सेन, वरिष्ठ सदस्य संतराम सेन शामिल रहे।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी सामाजिक बंधुओं ने लिए गए निर्णयों का स्वागत करते हुए समाज की एकता, संगठन और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। समाज के लोगों ने इसे सामाजिक सहयोग और सुधार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।

Post a Comment

Previous Post Next Post