एक पौधा, एक भविष्य” के संकल्प के साथ बेमेतरा में हरियाली की मुहिम — न्यायालय परिसर से जेल तक गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश


बेमेतरा ! विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को केंद्र में रखते हुए व्यापक पौधारोपण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के "स्टेट प्लान ऑफ एक्शन" कैलेंडर 2026-27 के अंतर्गत संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य आयोजन नवनिर्माणाधीन न्यायालय परिसर, कोबिया में किया गया, जहां श्रीमती सरोज नंद दास, अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बेमेतरा के मार्गदर्शन में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती सरोज नंद दास ने कहा कि वर्षा ऋतु पौधारोपण के लिए सर्वाधिक अनुकूल समय है, क्योंकि इस अवधि में प्राकृतिक रूप से पौधों के संरक्षण की परिस्थितियाँ अनुकूल होती हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि “एक पौधा केवल वृक्ष नहीं, बल्कि भविष्य की सुरक्षित नींव है।”

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों द्वारा जिला जेल बेमेतरा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय परिसर, थाना परिसर बेरला, ग्राम कुरूद एवं तालुका स्तर पर ग्राम पंचायत अकलवारा सहित विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसके साथ ही विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन कर नागरिकों को जलवायु परिवर्तन, वर्षा में गिरावट तथा जल स्रोतों—नदी, तालाब एवं अन्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया गया।

नालसा के पर्यावरण संरक्षण एवं प्रबंधन अभियान के तहत नागरिकों को सूखे एवं गीले कचरे के पृथक्करण, पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में राहुल पाण्डेय, जेल अधीक्षक बेमेतरा, न्यायालय स्टाफ, जेल कर्मचारी, न्यायालय कर्मचारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समस्त अधिकार मित्र उपस्थित रहे।

🌱 पूरे जिले में आयोजित इस अभियान ने हर घर हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण–सुरक्षित भविष्य का सशक्त संदेश दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post