कक्षा पहली से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ, विकासखंडवार शिविरों के जरिए समयबद्ध तरीके से जारी होंगे प्रमाण पत्र।
इन शिविरों में विद्यार्थियों के स्थायी जाति प्रमाण पत्र के साथ आवश्यकता अनुसार निवास एवं आय प्रमाण पत्र भी बनाए जाएंगे। दस्तावेजों का परीक्षण कर नियमानुसार आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, जिससे प्रमाण पत्र समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जा सकें।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड नवागढ़ में 04 जुलाई से 31 जुलाई 2026, साजा में 08 जुलाई से 17 जुलाई 2026, बेरला में 11 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तथा बेमेतरा विकासखंड में 11 जुलाई से 08 अगस्त 2026 तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों की तिथि एवं स्थान की जानकारी जिले के सभी विद्यालयों को पहले ही उपलब्ध करा दी गई है।
इस अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल प्राचार्यों, संबंधित राजस्व अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थल पर प्रातः 10 बजे से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर प्रमाण पत्र निर्माण की प्रक्रिया को सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से पूरा कराएं।
जिला प्रशासन ने सभी पालकों, विद्यार्थियों एवं संस्था प्रमुखों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर आयोजित शिविरों में पहुंचकर अधिकतम लाभ उठाएं। प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले का कोई भी पात्र विद्यार्थी स्थायी जाति प्रमाण पत्र से वंचित न रहे, ताकि भविष्य में छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ इस विशेष अभियान को सफल बनाने का भी आह्वान किया गया है।
