वार्ड-8 में चला व्यापक स्वच्छता अभियान, पार्षद चांदनी रोशन दत्ता की पहल पर नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त


बेमेतरा टाइम्स । शहर के वार्ड क्रमांक 8 में नगर पालिका प्रशासन के सहयोग एवं पार्षद श्रीमती चांदनी रोशन दत्ता की सक्रिय पहल पर विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता एवं जल निकासी सुधार कार्य कराया गया।

कृष्णा विहार कॉलोनी में नालियों की सफाई, कचरा हटाने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने का कार्य किया गया। वहीं सुंदर नगर फेस-1 में भाई इलियास पानी पाउच वाली गली से भैया दिनेश दुबे मेडिकल वाले के घर तक स्थित बड़ी नाली की विशेष सफाई कराई गई। इस दौरान नाली के आसपास जमी काई, झाड़-झंखाड़ एवं पेड़ों की कटाई-छंटाई कर जल निकासी को सुचारु बनाया गया।

इसके अलावा महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम के आसपास लगातार हो रहे जलभराव को देखते हुए कुछ दिन पहले जेसीबी मशीन से पानी निकासी की व्यवस्था की गई थी। बारिश के मद्देनजर सोमवार को पुनः जेसीबी लगाकर नालियों एवं जल निकासी मार्गों की सफाई कराई गई, ताकि किसी भी स्थान पर पानी जमा न हो और नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसी क्रम में पंजाबी पारा क्षेत्र में भी कचरा उठाने, नालियों की सफाई तथा आसपास फैली गंदगी को हटाने का कार्य कराया गया। वार्ड के विभिन्न हिस्सों में चलाए गए इस स्वच्छता अभियान से स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की और नगर पालिका प्रशासन तथा पार्षद श्रीमती चांदनी रोशन दत्ता की पहल की सराहना की।

पार्षद श्रीमती चांदनी रोशन दत्ता ने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव और गंदगी से नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए वार्ड में नियमित रूप से सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post