मुरता हाईस्कूल में सुविधाओं की कमी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश, सात दिन में समाधान की मांग
545 विद्यार्थियों के स्कूल में शौचालय की कमी का मुद्दा
ग्रामीणों के अनुसार स्कूल में करीब 545 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें 325 छात्राएं हैं। छात्राओं की संख्या के अनुपात में पर्याप्त शौचालय उपलब्ध नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पालकों और ग्रामीणों ने छात्राओं की आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त शौचालयों के निर्माण की मांग की है।
चार माह पहले स्वीकृत प्रार्थना शेड, अब तक शुरू नहीं हुआ काम
ग्रामीणों ने स्कूल में प्रार्थना शेड निर्माण में देरी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि प्रार्थना शेड के निर्माण को करीब चार माह पहले स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। इसके चलते विद्यार्थियों को धूप में खड़े होकर प्रार्थना करनी पड़ रही है। स्वीकृत कार्य में हो रही देरी को लेकर पालकों ने नाराजगी जताई।
विषयवार शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप
ज्ञापन में स्कूल में विषयवार शिक्षकों की कमी का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने विद्यार्थियों की संख्या और विषयों की आवश्यकता के अनुरूप शिक्षकों की व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
कलेक्टर से लेकर सीएम हेल्पलाइन तक शिकायत, फिर भी समाधान नहीं
चंद्रशेखर साहू ने बताया कि स्कूल की समस्याओं को लेकर पहले कलेक्टर के समक्ष शिकायत की गई थी। इसके बाद सुशासन तिहार और सीएम हेल्पलाइन में भी आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
सात दिन की समयसीमा, समाधान नहीं तो तालाबंदी
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि स्कूल की समस्याओं को लेकर अब वे आश्वासन के बजाय ठोस कार्रवाई चाहते हैं। उन्होंने सात दिनों के भीतर समस्याओं का निराकरण करने की मांग की है। निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर स्कूल में तालाबंदी कर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान खेमराज साहू, चंद्रशेखर साहू, धनंजय साहू, किशन साहू, राकेश साहू, मुलचंद साहू, कुंदन साहू, पवन चौहान, विजय साहू, संजय, जीवन, तरुण, अमित साहू और टिकम यादव सहित बड़ी संख्या में पालक, युवा एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
