बेमेतरा टाइम्स । बुधवार 30 सितम्बर को बाजार चौक साजा के पास खड़े एक पिकअप वाहन की जांच के दौरान 18 कट्टा चावल बरामद किया गया। चावल प्रथम दृष्टया सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के चावल होने के संदेह के आधार पर वाहन समेत जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक CG07 CA 9626 में 18 कट्टा चावल पाया गया। चावल के संबंध में प्रारंभिक जांच में इसके सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत वितरित किए जाने वाले चावल होने की आशंका सामने आई। इसके बाद संबंधित वाहन और चावल को जब्त कर पुलिस थाना साजा की अभिरक्षा में रखा गया है।
मामले में अब यह जांच का विषय है कि बरामद चावल की वास्तविक प्रकृति क्या है तथा इसे कहां से लाया गया था और इसका परिवहन किस उद्देश्य से किया जा रहा था। जिला खाद्य अधिकारी ओंकार सिंह ठाकुर ने बताया कि दस्तावेजों एवं चावल की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
