शिक्षक साझा मंच ने निकाली सेवा सुरक्षा न्याय यात्रा, मुख्यमंत्री-शिक्षामंत्री और DPI के नाम सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन में शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, पदोन्नति, वेतन विसंगति तथा पूर्व सेवा की गणना सहित वर्षों से लंबित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
टीईटी अनिवार्यता पर सेवा सुरक्षा की मांग
शिक्षक साझा मंच ने मांग की है कि छत्तीसगढ़ में सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता लागू होने की स्थिति में अन्य राज्यों की तर्ज पर पूर्ण सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही वरिष्ठता के आधार पर पूर्व प्रचलित नियमों के अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की मांग की गई।
मंच के ब्लॉक संयोजकों ने कहा कि शिक्षक वर्षों से शासकीय विद्यालयों में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में उनकी सेवा सुरक्षा और पदोन्नति से जुड़े विषय केवल व्यक्तिगत हित का मामला नहीं, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों के मनोबल से सीधे जुड़े हुए हैं।
‘अवसर मिला है तो उसका इस्तेमाल करने का अधिकार भी मिले’
शिक्षक साझा मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा अगस्त 2028 तक का समय दिए जाने की स्थिति में शिक्षकों को उस अवसर का लाभ उठाने का अधिकार मिलना चाहिए। मंच ने मांग रखी कि इस अवधि को ध्यान में रखते हुए तत्काल पदोन्नति प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए अथवा शिक्षकों को आवश्यक अवसर देते हुए पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जाए।
वेतन विसंगति दूर करने और पूर्व सेवा जोड़ने की मांग
ज्ञापन में ‘मोदी की गारंटी’ के तहत सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति को तत्काल दूर करने की मांग की गई। इसके साथ ही शिक्षक संवर्ग की प्रथम नियुक्ति तिथि से पूर्व की सेवा की गणना करते हुए क्रमोन्नति, पुरानी पेंशन सहित सभी वित्तीय एवं सेवा लाभ प्रदान करने की मांग भी शासन के समक्ष रखी गई।
मंच ने शासन से शिक्षकों की लंबित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की, ताकि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों को न्याय, सम्मान और सेवा सुरक्षा मिल सके।
ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग; संचालक, लोक शिक्षण; संयुक्त संचालक तथा जिला शिक्षा अधिकारी को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई।
इस दौरान शिक्षक साझा मंच के कार्यकारी प्रांतीय अध्यक्ष बसंत कौशिक, प्रांतीय मीडिया प्रभारी अशोक कुमार धुर्वे, जिला अध्यक्ष पोखन साहू, चंद्रशेखर पटेल, दम्मन साहू सहित ब्लॉक संयोजक अजय यादव, तारन दास मानिकपुरी, धनेश रजक, कमल शर्मा, जीवन चंदेल, ढाल सिंह यादव, राकेश देवांगन, टिकेंद्र राजपूत, जय बहादुर राजपूत, दिनेश निषाद, सुनील कुमार, गुरुचरण पटेल, दीपक राजपूत, राजेश साहू, देवचरन साहू, दुर्गेश श्रीवास, राजू मिर्चण्डे, निखिल तिवारी, मुकेश वर्मा, दिलीप यदु, दिलीप साहू, गजानंद वैष्णव, सरिता कन्नौजे, लीलावती सिन्हा, सुनीता साहू, विशाखा पटेल, हेमज्योति साहू, चंद्रिका मिर्झा, लेखा रजक, चंदा सिन्हा, चुनेश्वरी कौशल, ऐश्वरी नेताम, सविता साहू, हिरमत ठाकुर, पिंकी देवांगन, राजकुमारी वर्मा, लीला ठाकुर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। सफल मंच संचालन जिला प्रवक्ता शिक्षक तारण दास मानिकपुरी ने किया।
