बेमेतरा टाइम्स । छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत बेमेतरा पुलिस ने जिले के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में विद्यार्थियों और शिक्षकों को डिजिटल सुरक्षा एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने नवागांव कला, खाती, हरदी, तेंदुआ नयापारा, टेमरी, पतोरा, नवागढ़, मऊ और लावातरा सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कस्टमर केयर, KYC फ्रॉड, OTP, QR कोड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया और ऑनलाइन बैंकिंग ठगी से बचने के तरीके बताए गए।
विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने तथा अनजान लिंक, कॉल और सोशल मीडिया प्रोफाइल से सावधान रहने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने और बैंक को सूचना देने की अपील की गई।
पुलिस ने कहा कि “डिजिटल सुविधा के साथ डिजिटल सावधानी भी जरूरी है।” विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ कम से कम 5-10 अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
