खर्रा में आस्था, संस्कृति और सेवा का संगम : एसकेडीवी मिशन द्वारा आयोजित तीज महोत्सव में 81 यूनिट रक्तदान, प्रतिभाओं व शिक्षकों का हुआ सम्मान


बेमेतरा टाइम्स ! कबीर धर्मदास वंशावली मिशन के तत्वावधान में जिला स्तरीय तीज महोत्सव, विशाल रक्तदान शिविर, सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान एवं छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन बेरला तहसील के ग्राम खर्रा में किया गया। कार्यक्रम में परम पूजनीय गुरु माता साहिबा मनीषा देवी की गरिमामय उपस्थिति रही।

छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति एवं तीज-पोला पर्व की परंपरा को जीवंत करते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में तीज मिलन के साथ विभिन्न पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं कराई गईं। इनमें कुर्सी दौड़, गोली-चम्मच, आलू दौड़, सुई-धागा, मटका फोड़, रस्सी छलांग, फुगड़ी, रस्साकसी, कबड्डी एवं खो-खो सहित अनेक प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

रक्तदान से दिया मानव सेवा का संदेश

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विशाल रक्तदान शिविर रहा। मिशन से जुड़े विभिन्न तहसीलों के प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने समाजसेवा की भावना से रक्तदान किया। शिविर में कुल 81 यूनिट रक्तदान किया गया। आयोजकों ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

ठेठरी-खुरमी ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ी स्वाद

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और खान-पान की झलक भी देखने को मिली। आगंतुकों के लिए ठेठरी-खुरमी सहित भोजन भंडारा की व्यवस्था की गई। आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के लोगों की सहभागिता रही।

खिलाड़ियों, प्रतिभाओं और शिक्षकों का सम्मान

विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं के साथ प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से शिक्षा, प्रतिभा, खेल और समाजसेवा को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्य प्रतिनिधि महंत आरती दास, महंत डोमन दास, श्रीमती रूपकला माई, श्री खेलन वर्मा, श्रीमती खिलेश्वरी साहू, जिला प्रतिनिधि एवन वर्मा, चेतन सिंह वर्मा, महंत संतोष दास, रवि वर्मा, अनिल वर्मा, खेमराज वर्मा, सावित्री माई सहित विभिन्न तहसील प्रतिनिधि द्वारिका साहू, रामसुहागी साहू, रवि साहू, सुशील साहू, जमुना माई, तखत साहू, मालिक राम साहू, आत्मा दास, अशोक दास, प्रीतम वर्मा, हर्षित साहू, डोमार दास, मोहित साहू, प्रदीप साहू एवं बीरेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

आयोजन ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक एकता, रक्तदान, शिक्षा एवं प्रतिभा सम्मान का संदेश देते हुए समाजसेवा की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया।


Post a Comment

Previous Post Next Post