बेमेतरा ! सुशासन तिहार जनसमस्या निवारण शिविर के उपरांत माननीय साजा विधायक ईश्वर साहू एवं डीआईजी रामकृष्ण साहू पुलिस चौकी सहायता केन्द्र बिरनपुर पहुंचे, जहां कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस चौकी सहायता केन्द्र बिरनपुर के उन्नयन, डायल-112 सेवा प्रारंभ करने तथा साजा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
बैठक में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए विधायक ईश्वर साहू ने अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कई तात्कालिक समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों को विधिवत दर्ज कर समयबद्ध कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
डीआईजी रामकृष्ण साहू ने अधिकारियों को जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि फरियाद लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से मैत्रीपूर्ण व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सकारात्मक कार्यशैली से समाज में विश्वास एवं सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी।
बैठक में अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवाओं एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही असामाजिक तत्वों, निगरानी बदमाशों तथा शराब पीकर हुड़दंग और मारपीट करने वालों पर प्रतिबंधात्मक एवं बाउंड ओवर की अधिकतम कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया।
डीआईजी रामकृष्ण साहू ने “हमर पुलिस हमर बाजार” एवं “हमर पुलिस हमर गांव” अभियान के माध्यम से हॉट-बाजारों एवं ग्रामों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
बैठक के पश्चात विधायक ईश्वर साहू, डीआईजी रामकृष्ण साहू एवं जनप्रतिनिधियों ने शक्ति घाट बिरनपुर स्थित माँ शक्ति मंदिर पहुंचकर जिले एवं प्रदेशवासियों की शांति, सुरक्षा और समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने पैदल ग्राम भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से मिलकर उनका हालचाल जाना।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि ज्वाला सिंह राजपूत, बुलाक साहू, नारद वर्मा, नारायण साहू, लुकराम साहू, नेतराम साहू, सोनू वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीओपी बेरला श्री विनय कुमार, साजा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री पिंकी मनहर, निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा एवं बिरनपुर चौकी प्रभारी सउनि संतोष ध्रुवे भी मौजूद रहे।
