बेमेतरा ! जिले में संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए लेफ्टिनेंट कर्नल चरण दीप सिंह मैनी के नेतृत्व में एनडीआरएफ टीम जबलपुर ने 18 मई 2026 को पुलिस कार्यालय बेमेतरा पहुंचकर रामकृष्ण साहू से सौजन्य मुलाकात की।
बैठक के दौरान आपदा प्रबंधन के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। एनडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि आपदा प्रबंधन का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं के दौरान जान-माल के नुकसान को न्यूनतम करना है। इसके अंतर्गत जोखिम की रोकथाम, त्वरित राहत कार्य, प्रभावित लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू तथा पुनर्वास जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।
🔥 हर संकट से निपटने की तैयारी
एनडीआरएफ टीम द्वारा बाढ़, आगजनी, भूकंप, सड़क दुर्घटना, औद्योगिक हादसे, भवन ध्वस्तीकरण और गैस रिसाव जैसी परिस्थितियों में किए जाने वाले रेस्क्यू ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
बैठक में प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की प्रक्रियाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
🌊 जिले की नदियों और संभावित खतरे पर भी मंथन
एनडीआरएफ अधिकारियों ने जिले की नदियों एवं संभावित आपदा क्षेत्रों को लेकर भी रणनीतिक चर्चा की। मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और अन्य आपदा परिस्थितियों से निपटने हेतु समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर एनडीआरएफ टीम जबलपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
