पंचायत उपचुनाव 2026 : बेमेतरा में नामांकन प्रक्रिया तेज, प्रेक्षक अरविंद पाण्डेय ने लिया निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा, सभी नामांकन वैध


बेमेतरा ! त्रिस्तरीय पंचायत अंतर्गत जिले में रिक्त 01 जनपद पंचायत सदस्य, 02 सरपंच एवं 21 पंच पदों के उप निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, रायपुर द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया के संचालन एवं प्रेक्षण कार्य हेतु श्री अरविंद कुमार पाण्डेय, अपर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, रायपुर विकास प्राधिकरण को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है।

प्रेक्षक श्री पाण्डेय ने गत दिवस जनपद पंचायत बेरला पहुंचकर निर्वाचन प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा आयोग के निर्देशानुसार निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विधिसम्मत चुनाव संपन्न कराने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा बेरला एवं रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित रहे।

जिले के सभी खंड मुख्यालयों में आज 19 मई 2026 को रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड साजा में पंच के 02 पदों के लिए 03 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। वहीं बेमेतरा विकासखंड में पंच के 12 पदों हेतु 15 नामांकन पत्र जमा किए गए हैं।

इसी प्रकार विकासखंड बेरला में जनपद पंचायत सदस्य के 01 पद के लिए 06 तथा पंच के 05 पदों के लिए 07 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं तथा निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से जारी है।

वहीं जिले के बोटलडीह में रिक्त सरपंच पद के लिए अब तक कोई नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नाम वापसी की अंतिम तिथि 21 मई 2026 को अपराह्न 3:00 बजे निर्धारित की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post