बेमेतरा । छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिन्दी पेपर लीक मामले में रायपुर (जोन - मध्य) पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में पहले गिरफ्तार आरोपी वेणु जंघेल के बाद अब बेमेतरा जिले के ग्राम बोरतरा निवासी दो और युवकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में विकास सेन और हायर सेकेंडरी स्कूल बोरतरा के पीटीआई जवाहर लाल कुर्रे शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2008 (अनुचित साधनों का निवारण) की धारा 4, 5, 10 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 और 316 के तहत मामला दर्ज किया है !
जानकारी के अनुसार, 14 मार्च को हिन्दी प्रश्नपत्र लीक होने के बाद सिटी कोतवाली रायपुर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि 12वीं हिन्दी का हस्तलिखित प्रश्नपत्र व्हाट्सएप के माध्यम से छात्रों तक पहुंचाया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी वेणु कुमार जंघेल ने एक छात्र को व्हाट्सएप के जरिए हिन्दी का हस्तलिखित पेपर भेजा था और इसके बदले ऑनलाइन माध्यम से 3 हजार रुपये लिए थे। पुलिस ने बैंक खाते की जानकारी खंगालकर इस लेनदेन की पुष्टि भी की।
वेणु जंघेल के बयान के आधार पर पुलिस ने विकास सेन और स्कूल के पीटीआई जवाहर लाल कुर्रे से पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि जवाहर लाल कुर्रे ने ही वेणु जंघेल और विकास सेन को हिन्दी का हस्तलिखित प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था। पुलिस पूछताछ में जवाहर लाल कुर्रे ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। हालांकि, उसे प्रश्नपत्र कहां से मिला और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं, इसकी जांच अभी जारी है। शिक्षा विभाग में इस घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
अब तक गिरफ्तार आरोपी
वेणु कुमार जंघेल (19 वर्ष) – हाई स्कूल के पास, ग्राम बोरतरा, ब्लॉक साजा जिला बेमेतरा, हाल निवास लक्ष्मी चौक, गोकुल नगर, गुढ़ियारी रायपुर।
जवाहर लाल कुर्रे (40 वर्ष) – ग्राम बीजा, ब्लॉक साजा, जिला बेमेतरा।
विकास सेन (22 वर्ष) – ग्राम बोरतरा, ब्लॉक साजा, जिला बेमेतरा।
