तम्बाकू पर चला प्रशासन का डंडा : बेमेतरा में 51 चालान, दुकानदारों में हड़कंप


◆ “सही दवा–शुद्ध आहार” अभियान के तहत सख्त कार्रवाई, नियम तोड़ने वालों पर कड़ी नजर

बेमेतरा । जिले में आमजन के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान “सही दवा, शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” के तहत प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शहर में सघन जांच अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कस दिया।

◆ कोटपा एक्ट के तहत 51 चालानी कार्रवाई

जिला प्रशासन के निर्देश पर गठित टीम ने 06 मई को बेमेतरा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में औषधि प्रकोष्ठ के माध्यम से व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) 2003 के तहत कुल 51 चालान काटे गए, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

◆ दुकानदारों को कड़े निर्देश

जांच के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए दुकानदारों को कई जरूरी निर्देश दिए—

तम्बाकू उत्पादों का नियमों के अनुरूप भंडारण करें

दुकान में धूम्रपान निषेध बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाएं

नाबालिगों को तम्बाकू उत्पाद बेचने पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से पालन करें

अभियान रहेगा जारी

अधिकारियों ने दो टूक कहा कि यह अभियान 11 मई 2026 तक लगातार जारी रहेगा और आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की सख्त जांच और चालानी कार्रवाई की जाएगी। नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

स्वास्थ्य सुरक्षा पर प्रशासन का फोकस

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ और सुरक्षित दवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post