बेमेतरा ! जिले के नगर पंचायत दाढ़ी में हाल ही में बनी सीसी सड़क के कुछ ही समय में क्षतिग्रस्त होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साफ शब्दों में कहा है कि निर्माण गुणवत्ता में जरा भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
🔍तत्काल जांच के आदेश
मुख्यमंत्री ने कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से दूरभाष पर चर्चा कर पूरे प्रकरण की समयबद्ध और विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क का तकनीकी परीक्षण कर निर्माण सामग्री, गुणवत्ता और निगरानी प्रणाली की बारीकी से जांच की जाए।
⚠️ दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि जांच में गुणवत्ता में कमी या किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही, क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल पुनर्निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
🏗️ अन्य निर्माण कार्यों की भी होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री ने जिले में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी विशेष समीक्षा के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
📊 सतत मॉनिटरिंग पर जोर
सीएम साय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में फील्ड निरीक्षण, सतत मॉनिटरिंग और मजबूत गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र लागू किया जाए, जिससे कार्यों की टिकाऊपन और विश्वसनीयता बनी रहे।
