भावेश ढाबा पर फिल्मी स्टाइल में हमला, डंडा-रॉड से तोड़फोड़ और मारपीट — बेमेतरा पुलिस की तेज कार्रवाई में 4 आरोपी गिरफ्तार, कई फरार


बेमेतराथाना सिटी कोतवाली बेमेतरा क्षेत्र अंतर्गत बहेरा स्थित भावेश ढाबा में 31 मई को उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ लोगों ने एक राय होकर ढाबा में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। प्रार्थी कार्तिक राजपूत उर्फ भावेश (उम्र 28 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपीगण वाहनों में सवार होकर ढाबा पहुंचे और जबरन अंदर घुसकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

जानकारी के अनुसार आरोपियों ने हाथ-मुक्का, डंडा और रॉड से प्रार्थी पक्ष के निरज सिंह राजपूत, कार्तिक सिंह राजपूत एवं अन्य लोगों के साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई। इसके बाद ढाबा में रखे फ्रीज, कोल्ड ड्रिंक की शीशियां, प्लास्टिक कुर्सियां और सीसीटीवी डीवीआर को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए।

घटना की रिपोर्ट पर थाना बेमेतरा में अपराध पंजीबद्ध कर धारा 333, 296, 351(3), 115(2), 324(4), 190, 191(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिस पर पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव एवं एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों — प्रमोद कुमार बंजारे, राजकुमार बघेल, योगेश बंजारे एवं रूपेन्द्र जांगड़े को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को दिनांक बुधवार को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर प्रस्तुत किया गया। फिलहाल मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा विवेचना कार्य प्रगति पर है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, सहायक उप निरीक्षक रेशम लाल भास्कर सहित आरक्षक पुरूषोत्तम कुंभकार, संदीप साहू, शिव सेन, सौरभ सिंह एवं समस्त थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post