246 में से 153 पद खाली — 62% स्टाफ की भारी कमी
जिले में राजस्व विभाग की चिंताजनक स्थिति है। आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 246 पदों में से लगभग 153 पद खाली हैं, यानी करीब 62 प्रतिशत कार्यबल की कमी बनी हुई है। यह स्थिति कलेक्ट्रेट एवं अनुविभागीय कार्यालयों में भारी कार्यभार, तहसील स्तर पर लंबित राजस्व प्रकरण, थाना/राजस्व समन्वय में देरी व नागरिक सेवाओं में विलंब जैसे कई स्तरों पर प्रशासनिक दबाव बढ़ा रही है !
किन-किन पदों पर है भारी रिक्तता
जिले में कई महत्वपूर्ण पद खाली बताए जा रहे हैं, जिनमें एसडीएम के 2 पद, तहसीलदार का 1 पद, नायब तहसीलदार के 5 पद, सहायक ग्रेड-2 के 4 पद, कानूनगो के 6 पद, विभिन्न राजस्व एवं प्रशासनिक सहायक पद, डाटा एंट्री ऑपरेटर, स्टेनो टाइपिस्ट, वाहन चालक सहित कई तकनीकी पद, भृत्य, चौकीदार, प्रोसेस सर्वर एवं अन्य चतुर्थ श्रेणी पद शामिल है !
नवागढ़ और जनपद स्तर पर भी उठे सवाल
नवागढ़ क्षेत्र में जनपद पंचायत की स्थिति को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। बताया जा रहा है कि सरकार बदलने के बाद से सीईओ पद रिक्त है, और पिछले लगभग दो वर्षों की गतिविधियों और कार्यप्रणाली को लेकर पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा और जवाबदेही को लेकर भी असंतोष देखा जा रहा है।
सुशासन पर बड़ा सवाल
जब किसी जिले में किसी विभाग मे आधे से अधिक पद खाली हों, तो विकास कार्यों की गति प्रभावित होना स्वाभाविक माना जाता है। बेमेतरा जैसे तेजी से बढ़ते जिले में प्रशासनिक मजबूती की आवश्यकता को देखते हुए विशेषज्ञ और स्थानीय लोग जल्द से जल्द पूर्णकालिक नियुक्तियों की मांग कर रहे हैं।
