शोक के बीच सहारा : पंचायत सचिव स्व. गिरिधराम साहू के पुत्र यशवंत साहू को मिली अनुकम्पा नियुक्ति, शासन ने दिया संवेदनशील निर्णय का उदाहरण


बेमेतरा | छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशों एवं अनुकम्पा नियुक्ति प्रावधानों के तहत ग्राम पंचायत भनसुली के दिवंगत पंचायत सचिव स्वर्गीय गिरिधराम साहू के आश्रित पुत्र यशवंत कुमार साहू को पंचायत सचिव पद पर अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत भनसुली में पदस्थ पंचायत सचिव स्व. गिरिधराम साहू का 30 मार्च 2026 को असामयिक निधन हो गया था। उनके निधन से रिक्त हुए पद पर शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप आश्रित पुत्र यशवंत कुमार साहू, निवासी ग्राम भैंसा, जिला बेमेतरा को अस्थायी रूप से नियुक्त किया गया है। उन्हें कार्यालय जनपद पंचायत बेमेतरा से संबद्ध किया गया है।

नियुक्ति आदेश के तहत श्री साहू को शासन द्वारा निर्धारित वेतनमान 3500-10000 एवं ग्रेड वेतन 1100 के न्यूनतम स्तर पर नियुक्ति दी गई है। यह नियुक्ति प्रारंभिक रूप से परिवीक्षा अवधि के अधीन रहेगी तथा शासन के सभी नियम एवं शर्तें लागू होंगी।

नियुक्ति प्रक्रिया के अंतर्गत स्वास्थ्य उपयुक्तता प्रमाण-पत्र, चरित्र सत्यापन, शैक्षणिक एवं निवास संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन अनिवार्य किया गया है। साथ ही पंचायत सचिवों के लिए निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी। प्रारंभिक तीन माह तक उन्हें अनुभवी पंचायत सचिव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

शासन की यह अनुकम्पा नियुक्ति व्यवस्था असामयिक निधन की स्थिति में प्रभावित परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से लागू की गई है। इस निर्णय से न केवल स्व. गिरिधराम साहू के परिवार को सहारा मिलेगा, बल्कि पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली में निरंतरता भी बनी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post