बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन IPL सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, 4 मुख्य आरोपी गिरफ्तार


बेमेतरा ! उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव एवं एसडीओपी बेमेतरा/ बेरला के मार्गदर्शन में जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं ऑनलाइन गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बेमेतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस टीम द्वारा पूर्व में दर्ज प्रकरण की आगे की जांच एवं तकनीकी निगरानी के आधार पर ऑनलाइन IPL क्रिकेट सट्टा रैकेट का संचालन करने वाले 04 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से IPL ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। आरोपियों के कब्जे से कुल 04 नग स्मार्ट मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 33,000 रुपये है, जप्त किए गए हैं।

पुलिस ने मामले में नयन राजपूत (27 वर्ष), निवासी कुम्हीगुड़ा, थाना साजा, हाल समृद्धि विहार, बेमेतरा, रौनक सलुजा (37 वर्ष), वार्ड 08 पंजाबी पारा, बेमेतरा, सीनू सलुजा (38 वर्ष), पंजाबी पारा, वार्ड 08, संतोषी मंदिर के पास, बेमेतरा, मोहम्मद जुनेद हिंगोरा (34 वर्ष), रामदेव बाबा वार्ड, बेमेतरा को गिरफ्तार किया है ! साथ ही आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं BNS की धारा 112 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस द्वारा आरोपियों के मोबाइल, बैंक लेनदेन एवं नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे सट्टा रैकेट और अन्य जुड़े व्यक्तियों का खुलासा किया जा सके। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध सट्टा, जुआ या आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post