ई-रिक्शा स्टैंड की अनदेखी पर फूटा आक्रोश: सैकड़ों चालकों ने निकाली भव्य रैली, कलेक्ट्रेट घेरकर सौंपा ज्ञापन


बेमेतरा | नगर में लंबे समय से ई-रिक्शा स्टैंड चिन्हांकन की मांग पूरी नहीं होने से नाराज एकता ई-रिक्शा चालक कल्याण संघ ने आज जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में ई-रिक्शा चालकों ने जय स्तंभ चौक से कलेक्ट्रेट तक भव्य रैली निकालते हुए प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि वर्ष 2018-19 में नगर पालिका द्वारा 6 स्थानों पर ई-रिक्शा स्टैंड चिन्हांकित किए गए थे, लेकिन आज तक एक भी स्थान पर व्यवस्थित संचालन नहीं हो पाया है। इसके कारण चालकों को सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर लगातार विवाद, गाली-गलौच और यातायात पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।

चालकों ने बताया कि वे पिछले लगभग 9 वर्षों से लगातार आवेदन दे रहे हैं और अब तक 40 से अधिक बार प्रशासन को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। इससे ई-रिक्शा चालकों में भारी नाराजगी और मानसिक तनाव की स्थिति बनी हुई है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से शीघ्र ई-रिक्शा स्टैंड को विधिवत चिन्हांकित कर सुचारू व्यवस्था लागू करने की मांग की है, अन्यथा आने वाले दिनों में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे और पूरे नगर में यह प्रदर्शन चर्चा का विषय बना रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post