15 दिन में मांगें पूरी नहीं हुईं तो पंचायत सचिव करेंगे उग्र आंदोलन, सीईओ जिला पंचायत को सौंपा ज्ञापन


बेमेतरा टाइम्स ग्राम पंचायत सचिव संघ, जिला बेमेतरा ने अपनी लंबित मांगों और समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत बेमेतरा को ज्ञापन सौंपा। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों का समाधान नहीं किया गया तो जिलेभर के पंचायत सचिव उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

संघ के जिला अध्यक्ष चंद्रमौल त्रिपाठी ने बताया कि पंचायत सचिवों का वेतन प्रत्येक माह की 5 तारीख तक खातों में जमा कराया जाए। इसके साथ ही एनपीएस, एरियर, उपादान, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, लंबित भुगतान तथा 15 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले सचिवों की अंतर राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए।

ज्ञापन में जनपद पंचायतों में संलग्न सचिवों को तत्काल ग्राम पंचायत का प्रभार देने, शिकायतों पर बिना जांच कार्रवाई नहीं करने, हड़ताल अवधि 17 मार्च 2025 से 16 अप्रैल 2025 के 31 दिनों का वेतन जारी करने, अन्य ब्लॉकों में स्थानांतरित सचिवों को गृह जनपद में पदस्थ करने, सर्विस बुक का नियमित संधारण एवं सत्यापन कराने तथा विभागीय जांच और निलंबन संबंधी लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने की भी मांग की गई है।

संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समयावधि में मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो पंचायत सचिव संघ जिलेभर में आंदोलन की रणनीति अपनाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post