बेमेतरा टाइम्स । ग्राम भिनपुरी निवासी पुनित वर्मा ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी निजी भूमि तक जाने वाले शासकीय मार्ग पर अवैध अतिक्रमण कर रास्ता बाधित कर दिया गया है। उन्होंने मामले की जांच कर तत्काल अतिक्रमण हटाने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, पुनित वर्मा की कृषि भूमि खसरा नंबर 49/1 के सामने स्थित शासकीय भूमि (खसरा नंबर 48) पर गांव के ही दो व्यक्ति द्वारा मिट्टी और ईंट डालकर अतिक्रमण किया गया है। इससे उनके खेत तक आने-जाने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। उनका कहना है कि यदि यहां स्थायी निर्माण हो गया तो भविष्य में अपनी भूमि पर मकान निर्माण एवं उपयोग करना भी संभव नहीं रहेगा।
प्रार्थी ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में 16 जून 2025 को तहसीलदार बेमेतरा को भी आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कलेक्टर से शासकीय भूमि से तत्काल अतिक्रमण हटाने, निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। अब इस मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजर टिकी हुई है।
