पार्टी के शहर अध्यक्ष फ़ौजी सूर्य सिंह चौहान ने ज्ञापन में कहा कि सड़क चौड़ीकरण विकास के लिए आवश्यक है, लेकिन इसके नाम पर सड़क किनारे स्थित सैकड़ों पुराने एवं छायादार वृक्षों, विशेषकर बरगद के पेड़ों की कटाई पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि बरगद भारत का राष्ट्रीय वृक्ष है, जो जैव विविधता, पर्यावरण संतुलन और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि वृक्षों की कटाई पर तत्काल रोक लगाई जाए, सड़क निर्माण के डिज़ाइन में आवश्यक संशोधन कर प्राचीन बरगद सहित अन्य महत्वपूर्ण वृक्षों को सुरक्षित रखा जाए तथा जहां अत्यंत आवश्यक हो, वहां आधुनिक ट्री ट्रांसप्लांटेशन (वृक्ष प्रत्यारोपण) तकनीक का उपयोग किया जाए।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जनभावनाओं और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं वन विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई।
