स्वामित्व योजना में रिश्वत का खेल ? पटवारी पर ₹20 से ₹30 हजार की अवैध वसूली के गंभीर आरोप

कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत, कई ग्रामीणों ने नाम दर्ज करने और जमीन में हेराफेरी के लगाए आरोप


बेमेतरा टाइम्स । जिले के हल्का क्रमांक-40 के पटवारी अम्बा उपाध्याय पर स्वामित्व योजना के तहत ड्रोन सर्वे एवं डिजिटल रिकॉर्ड में नाम दर्ज करने के एवज में ग्रामीणों से ₹20 हजार से ₹30 हजार तक की अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, ग्राम उघरा, निनवा, सावतपुर एवं डूण्डा के कई ग्रामीणों से डिजिटल रिकॉर्ड में कब्जाधारी का नाम दर्ज करने के लिए अलग-अलग रकम की मांग की गई। आरोप है कि राशि नहीं देने वालों का कार्य रोक दिया जाता है, जबकि कुछ लोगों से आंशिक राशि लेने के बाद भी काम लंबित रखा गया है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि एक मामले में राशि लेकर जमीन की प्रविष्टि दूसरे व्यक्ति के नाम कर दी गई। शिकायत में कई ग्रामीणों के नाम और उनसे कथित रूप से मांगी गई या ली गई राशि का उल्लेख करते हुए पटवारी को तत्काल निलंबित कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।

यह शिकायत कलेक्टर जनदर्शन टोकन क्रमांक 2210226001749 के माध्यम से प्रस्तुत की गई है। अब सभी की नजर जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।

यह समाचार जनदर्शन में प्रस्तुत शिकायत के आधार पर तैयार किया गया है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अथवा जांच रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है।

वर्सन 

ऐसा कुछ भी नहीं है, मेरे ऊपर लगाए गए सारे आरोप निराधार है, और ज्यादा जानकारी चाहिए तो आप मुझसे मिल सकते है !

अम्बा उपाध्याय, पटवारी हल्का 40

Post a Comment

Previous Post Next Post