नकटी गांव में 85 घरों की तोड़फोड़ के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, वर्षा काल में परिवारों को बेघर करने का आरोप, पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग, बेमेतरा में मुख्यमंत्री का पुतला दहन


बेमेतरा टाइम्स । ग्राम नकटी में 85 घरों में की गई तोड़फोड़ और वर्षा ऋतु के बीच अनेक परिवारों के बेघर होने के विरोध में शुक्रवार को जिला मुख्यालय बेमेतरा के सिग्नल चौक पर कांग्रेस पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन में कांग्रेस के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीब परिवारों के आशियाने उजाड़ने का काम कर रही है। उनका कहना था कि वर्षा काल में घरों को तोड़े जाने से प्रभावित परिवारों के सामने रहने और जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यह आंदोलन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर आयोजित किया गया है। पार्टी ने मांग की कि ग्राम नकटी के प्रभावित परिवारों को तत्काल न्याय, वैकल्पिक आवास और उचित राहत उपलब्ध कराई जाए।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय नहीं मिला और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी ग्राम नकटी के प्रभावित परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।

पुतला दहन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष कांग्रेस आशीष छाबड़ा, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष मंगत साहू, युवा कांग्रेस जिलाअध्यक्ष प्रांजल तिवारी, रश्मि मिश्रा, नाथूराम सेन, अजय राज सेन, राजू साहू सहीत सैकड़ो कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे !

Post a Comment

Previous Post Next Post