आपको बता दे कि नगर पालिका बेमेतरा द्वारा आयोजित लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम के शिलालेख तथा कार्यक्रम के पोस्टर में भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू का नाम नहीं होने से वे नाराज हो गए। लोकार्पण के तुरंत बाद उन्होंने कार्यक्रम से दूरी बना ली और शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए।
वही नव नियुक्त एल्डरमैन नंदू राठी भी कार्यक्रम स्थल से वापस लौट गए। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा है कि उन्होंने भी नाराजगी जताते हुए शपथ ग्रहण नहीं किया। उनका कहना था कि "हम सभी भाजपा समर्थित कार्यकर्ता हैं। जब संगठन के मुखिया का ही सम्मान नहीं हो रहा है, तो मेरा सम्मान क्या होगा।
उल्लेखनीय है कि नव नियुक्त एल्डरमैन शपथ ग्रहण एवं लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद बेमेतरा के अध्यक्ष विजय सिन्हा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रजक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
समारोह के दौरान नव नियुक्त एल्डरमैन राकेश मोहन शर्मा, सावित्री रजक, तारण सिंह राजपूत और कमलेश वर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। एसडीएम प्रकाश भारद्वाज ने उन्हें शपथ दिलाई।
इधर जिले में पहले से ही वरिष्ठ नेताओं की कथित उपेक्षा को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा रही कि 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में साजा विधायक ईश्वर साहू को मंचीय प्रतिनिधित्व एवं प्रचार सामग्री में अपेक्षित स्थान नहीं मिला। वहीं, सुशासन से जुड़े एक कार्यक्रम में उनके क्षेत्र में नोडल प्रभारी की अनुपस्थिति को भी कुछ कार्यकर्ता संगठनात्मक समन्वय की कमी के रूप में देख रहे हैं।
इसी तरह पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल से जुड़े घटनाक्रम भी चर्चाओं में रहे। चर्चा के अनुसार, स्कूल प्रवेश उत्सव के निमंत्रण पत्र में उनका नाम नहीं था। वहीं, उनके जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर नगर मे लगाई गई बधाई पोस्टर को कुछ ही समय में हटाए जाने की घटना को लेकर भी उनके समर्थकों में नाराजगी की चर्चा रही।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता, संगठन और अनुभवी नेतृत्व होते हैं। ऐसे में यदि वरिष्ठ नेताओं, संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सम्मान को लेकर लगातार सवाल उठते हैं, तो इसका असर संगठनात्मक समन्वय और कार्यकर्ताओं के मनोबल पर पड़ सकता है।
वर्सन
हम बीजेपी के कार्यकर्ता हैं, संगठन को सर्वोपरि मानते हैं, जिस संगठन के बदौलत हम चल रहे हैं जब इस संगठन के मुखिया का ही सम्मान नहीं हो रहा तो मुझे पद में रहने का कोई मतलब नहीं है, इसलिए मैं शपथ नहीं लिया !
नंदू राठी नवनियुक्त एल्डरमेन
वर्सन
कार्यक्रम में सीएमओ ने प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया, शिलालेख एवं पोस्टर में मेरा नाम नहीं था, इसलिए हम वापिस आ गये !
अजय साहू, जिला अध्यक्ष भाजपा बेमेतरा
