NEET पेपर लीक पर राष्ट्रपति से बड़ी कार्रवाई की मांग, करोड़ों छात्रों के भविष्य की सुरक्षा को लेकर सौंपा ज्ञापन

बेमेतरा के युवा वाशुदेव साहू ने करोड़ों विद्यार्थियों के हित में उठाई आवाज, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग


बेमेतरा टाइम्स ! NEET परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक प्रकरण, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बेमेतरा जिले के युवा एवं छात्र प्रतिनिधि वाशुदेव साहू ने राष्ट्रपति महोदया के नाम नायाब तहसीलदार को ज्ञापन प्रेषित किया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं करोड़ों विद्यार्थियों के भविष्य और वर्षों की मेहनत से जुड़ी होती हैं। यदि परीक्षा में अनियमितता या प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाएं होती हैं, तो इससे विद्यार्थियों का विश्वास प्रभावित होता है। इसलिए पूरे मामले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि जांच में केंद्रीय शिक्षा मंत्री, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के अध्यक्ष अथवा अन्य अधिकारियों की प्रशासनिक लापरवाही या जवाबदेही सिद्ध होती है, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रशासनिक स्तर पर उचित निर्णय लिया जाए। साथ ही NTA की कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार और पुनर्गठन की भी मांग रखी गई है।

वाशुदेव साहू ने परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से प्रभावित होकर जान गंवाने वाले विद्यार्थियों के परिवारों को आर्थिक सहायता तथा एक पात्र सदस्य को रोजगार या पुनर्वास सहायता प्रदान करने की भी मांग की है।

ज्ञापन में सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान लगाए जाने वाले कथित राष्ट्रविरोधी नारों, भारत की संप्रभुता एवं अखंडता के विरुद्ध दंडनीय गतिविधियों तथा किसी भी धर्म या भारत माता के संबंध में भारतीय कानून के अंतर्गत दंडनीय आपत्तिजनक बयानों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई है। साथ ही यदि किसी मामले में विदेशी फंडिंग या अवैध नेटवर्क की संलिप्तता के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित केंद्रीय जांच एजेंसियों से विस्तृत जांच कराने का अनुरोध किया गया है।

ज्ञापन के अंत में राष्ट्रपति महोदया से देश के करोड़ों विद्यार्थियों और नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर आवश्यक एवं शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post