लोकतंत्र बचाओ, छात्र अधिकार दिलाओ" के नारों के बीच कांग्रेस का हल्ला बोल, बेमेतरा में प्रधानमंत्री का पुतला दहन

राहुल गांधी को हिरासत में लेने और छात्रों पर बल प्रयोग का विरोध, केंद्र सरकार पर लोकतंत्र कुचलने का लगाया आरोप


बेमेतरा टाइम्स | छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के तत्वावधान में गुरुवार को नगर के सिग्नल चौक में प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, छात्रों-युवाओं के अधिकारों तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।

जिला कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि देश अघोषित तानाशाही की ओर बढ़ रहा है, जहां जनता और विपक्ष की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जंतर-मंतर से संसद मार्च के दौरान NEET सहित विभिन्न छात्र मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया गया तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखने से रोककर हिरासत में लेना लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और विपक्ष की आवाज़ दबाने का कार्य कर रही है। उनका कहना था कि जब देश का युवा अपने भविष्य को लेकर सड़क पर उतरने को मजबूर हो और उसकी समस्याएं सुनने के बजाय उस पर लाठियां बरसाई जाएं, तो यह सरकार के दमनकारी रवैये को दर्शाता है। लोकतंत्र में विरोध की आवाज़ को कुचलना किसी भी सरकार के लिए उचित नहीं है।

कांग्रेस ने दोहराया कि पार्टी संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा छात्रों, युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक जनता को न्याय नहीं मिल जाता।

इस विरोध प्रदर्शन में मंगत साहू, प्रांजल तिवारी, राजू साहू, मिथलेश वर्मा, रीता पाण्डेय, हरीश साहू, सुशीला जोशी, सुमन गोस्वामी, शकुंतला साहू, रूबी सलूजा, ललित विश्वकर्मा, मनोज शर्मा, जोगेंदर छाबड़ा, मिनटा नामदेव, प्रकाश ठाकुर, टोकेश्वर साहू, द्वारिका तिवारी, अजय राज सेन, वैभव मिश्रा, दीपक दिनकर, योगिता साहू, निलेश ठाकुर, संस्कार शर्मा, निलेश वैष्णव, विकास चौबे, सीताराम यदु, बलवंत साहू, ऋतिक तिवारी, भीखम साहू, कोनेन अली, याशिफ खान, नरेंद्र वर्मा, शुभम सोनी, घनश्याम देवांगन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post