बेमेतरा टाइम्स । जिले में सुरक्षा को और अधिक प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू के निर्देशन में होटल एवं लॉजों में ठहरने वाले यात्रियों का रिकॉर्ड डिजिटल माध्यम से संधारित करने की पहल तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में शनिवार को थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा में होटल एवं लॉज संचालकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का तथा एसडीओपी बेरला विनय कुमार के मार्गदर्शन में संचालकों को 'समाधान ऐप' के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। उन्हें निर्देशित किया गया कि होटल एवं लॉज में ठहरने वाले प्रत्येक यात्री का पूरा विवरण अनिवार्य रूप से समाधान ऐप में अपलोड करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को तत्काल जानकारी उपलब्ध हो सके।
बैठक के दौरान होटल एवं लॉज संचालकों को यह भी निर्देश दिए गए कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति उनके प्रतिष्ठान में ठहरता है तो इसकी सूचना बिना किसी विलंब के निकटतम पुलिस थाना को दें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इससे अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
बेमेतरा पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए होटल एवं लॉज संचालकों के साथ-साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
बैठक में थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा का पुलिस स्टाफ तथा थाना क्षेत्र के सभी प्रमुख होटल एवं लॉज संचालक उपस्थित रहे।
