जानकारी के अनुसार मृतका मनीषा यादव (33 वर्ष), पति सीताराम यादव, निवासी ग्राम गुवारा, बुधवार सुबह लगभग 9 बजे अपने खेत में कृषि कार्य करने गई थीं। खेत में जमीन गीली होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया। संभलने के प्रयास में वह पास से गुजर रहे कम ऊंचाई वाले खुले सर्विस तार के संपर्क में आ गईं, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें अचेत अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शाम को गांव में गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सबसे मार्मिक बात यह है कि मृतका अपने पीछे पांच छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। मां के असमय निधन से बच्चों के पालन-पोषण और परिवार के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता खड़ी हो गई है। वहीं ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए कम ऊंचाई पर खुले रूप से गुजर रहे बिजली के सर्विस तारों को जिम्मेदार बताते हुए विद्युत विभाग से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
