बेमेतरा टाइम्स । जिले में लगातार हो रही बारिश और भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार, यदि किसी विद्यालय में बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनती है, तो ऐसे विद्यालयों में किसी भी परिस्थिति में विद्यार्थियों को नहीं बुलाया जाएगा तथा तत्काल अवकाश घोषित किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों बेमेतरा, बेरला, साजा एवं नवागढ़ को निर्देशित किया गया है कि जलभराव वाले विद्यालयों की वस्तुस्थिति का तत्काल आकलन कर उसकी जानकारी जिला शिक्षा कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
आदेश में यह भी कहा गया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जलभराव वाले विद्यालयों में अवकाश घोषित कर इसकी सूचना समय पर भेजना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
इस आदेश की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय नवा रायपुर, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग, कलेक्टर बेमेतरा सहित जिले के सभी शासकीय प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानपाठकों एवं संकुल समन्वयकों को आवश्यक पालन हेतु भेजी गई है।
