बेमेतरा टाइम्स की खबर का बड़ा असर: जिला अस्पताल में कथित कमीशनखोरी मामले में CMHO का एक्शन, सिविल सर्जन को थमाया नोटिस

ड्यूटी डॉक्टर की उपस्थिति, वार्ड बॉय की भूमिका और निजी एंबुलेंस के जिला अस्पताल में प्रवेश पर तीन दिन में मांगा जवाब....


बेमेतरा टाइम्स
 । जिला चिकित्सालय बेमेतरा में मरीजों को कथित रूप से निजी अस्पताल भेजे जाने के मामले में बेमेतरा टाइम्स द्वारा प्रकाशित समाचार और सामने आए वीडियो के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लिया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने गुरुवार को सिविल सर्जन, जिला चिकित्सालय बेमेतरा को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए पूरे मामले में तीन दिवस के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

CMHO द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि घटना के समय ड्यूटी पर कौन डॉक्टर तैनात थे, उनकी उपस्थिति की स्थिति क्या थी, ड्यूटी के दौरान मरीजों का उपचार क्यों नहीं किया गया, वार्ड बॉय की भूमिका क्या रही तथा निजी अस्पताल की एंबुलेंस जिला चिकित्सालय परिसर में कैसे पहुंची और मरीज को लेकर कैसे रवाना हुई, इन सभी बिंदुओं की जांच कर तथ्यात्मक एवं स्पष्ट जवाब प्रस्तुत किया जाए।

गौरतलब है कि बेमेतरा टाइम्स ने खबर प्रकाशित की थी कि जिला चिकित्सालय में घायल मरीजों को डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर कथित रूप से निजी अस्पताल भेजा जा रहा है। मरीज के परिजनों ने आरोप लगाया था कि वार्ड बॉय ने स्वयं निजी अस्पताल की एंबुलेंस बुलवाई और मरीज को वहां भेज दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बेमेतरा टाइम्स के संवाददाता ने बनाया था, जिसमें निजी एंबुलेंस जिला अस्पताल परिसर से मरीज को ले जाती दिखाई दे रही है।

मामले के सामने आने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित डॉक्टर, वार्ड बॉय अथवा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

अब जिले की जनता की नजर इस बात पर टिकी है कि तीन दिन बाद आने वाली जांच रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिला अस्पताल में मरीजों को लेकर लगाए गए आरोपों पर स्वास्थ्य विभाग क्या कदम उठाता है।

वर्सन 

बेमेतरा जिला चिकित्सालय में निजी वाहन के प्रवेश मामले पर सिविल सर्जन को कारण बताओं नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है !

अमृतलाल रोहलेडकर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बेमेतरा 

Post a Comment

Previous Post Next Post