बेमेतरा टाइम्स |
रायपुर/दुर्ग । प्रतिभा और मेहनत जब एक साथ कदम बढ़ाती है, तो सफलता खुद रास्ता बना लेती है। इसका जीवंत उदाहरण शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला झिटिया की होनहार छात्रा कु. भूमिका देशमुख हैं, जिन्होंने अपनी लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर प्रयास आवासीय विद्यालय, बिलासपुर में चयनित होकर अपने परिवार, विद्यालय और पूरे गांव का नाम रोशन किया है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर 22 जुलाई को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। शाला प्रबंधन समिति, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रमुखों, शिक्षकों, पालकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में भूमिका का आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार ने उन्हें गुलदस्ता एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संस्था के प्रधान पाठक आसकरण सिंह धुर्वे ने बताया कि भूमिका शुरू से ही मेधावी, अनुशासित एवं परिश्रमी छात्रा रही हैं। उन्होंने इस वर्ष कक्षा आठवीं की परीक्षा 95.33 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। इसके साथ ही राष्ट्रीय सह साधन प्रवीण्य छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा में 121 अंक प्राप्त कर चयन सूची में स्थान बनाकर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ दिया।
भूमिका की सफलता से उत्साहित ग्रामीणों ने भी उनका उत्साहवर्धन किया। डॉ. उत्तम देशमुख (गोडमर्रा) ने ₹2000, प्रधान पाठक राजूराम देशलहरा ने ₹500 तथा एसएमसी अध्यक्ष श्रीमती मंजुलता यादव ने ₹500 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इस प्रकार उन्हें कुल ₹3000 की नगद प्रोत्साहन राशि देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
सम्मान समारोह में सरपंच पुनीतराम राणा, एसएमसी अध्यक्ष मंजुलता यादव, उपसरपंच भागवत नायक, उपाध्यक्ष आनंद तारम, पूर्व सरपंच नरेंद्र वर्मा, ग्राम प्रमुख हिरदेराम साहू, ग्राम पटेल यादराम साहू, प्रधान पाठक आसकरण सिंह धुर्वे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, पालक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
भूमिका देशमुख की सफलता यह साबित करती है कि संसाधनों की कमी कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनती। मजबूत इरादे, कठिन परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन से गांव की बेटियां भी बड़े से बड़े मुकाम हासिल कर सकती हैं। उनकी यह उपलब्धि निश्चित रूप से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
