मुरता में मासूम बच्चियों को ले जाने की आशंका से हड़कंप, ग्रामीणों ने की युवक की पिटाई—दो महिलाएं फरार


बेमेतरा टाइम्स । नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मुरता के बैकुंठपारा में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब दो मासूम बच्चियों को ले जाने की आशंका में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया। युवक के साथ दो महिलाएं भी मौजूद होने की बात सामने आई है, जो मौके से फरार हो गईं। ग्रामीणों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 बजे इंदे निषाद की पत्नी सुकरिया घर में खाना बना रही थीं। उनकी दोनों बच्चियां घर की परछी में खेल रही थीं। इसी दौरान मध्यप्रदेश से आए तीन लोगों के घर में घुसने और बच्चियों को ले जाने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया।


बताया जा रहा है कि पड़ोसी मोहन साहू की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। पूछताछ के दौरान युवक बच्चियों को छोड़कर भागने लगा, जिस पर मोहन साहू ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और युवक को पकड़कर रखा।

ग्रामीणों ने तत्काल 112 पर सूचना दी। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब आधे घंटे तक 112 टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिसके बाद नवागढ़ थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा युवक की पिटाई किए जाने की भी बात सामने आई है।

वहीं, युवक के साथ मौजूद बताई जा रही दोनों महिलाएं मौके से फरार हो गईं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। फिलहाल पुलिस पूछताछ और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामला वास्तव में बच्चियों को ले जाने के प्रयास का था अथवा इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें

ग्रामीणों और अभिभावकों से अपील है कि बच्चों को अजनबियों के साथ अकेले न जाने दें और घर के आसपास उनकी गतिविधियों पर नजर रखें। किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर खुद कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल 112 अथवा नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। अफवाहों के आधार पर भीड़ द्वारा किसी व्यक्ति के साथ मारपीट न करें। सच्चाई पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post