पीडीएस दुकानदारों की दोहरी मुसीबत : बारदाने का भुगतान गायब, ई-पॉस में अचानक बढ़ गया स्टॉक

पीडीएस दुकानदारों ने कलेक्टर जनदर्शन में सौंपा ज्ञापन, स्टॉक की गड़बड़ी से राशन वितरण प्रभावित होने का आरोप


बेमेतरा टाइम्स । जिले के शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालक इन दिनों दोहरी परेशानी से जूझ रहे हैं। एक ओर पीडीएस के तहत बारदाने की बकाया राशि का भुगतान अब तक नहीं होने की शिकायत है, वहीं दूसरी ओर ई-पॉस मशीन में स्टॉक की गड़बड़ी के कारण राशन वितरण प्रभावित होने की बात सामने आई है। इस संबंध में शासकीय राशन विक्रेता पीडीएस संघ बेमेतरा ने सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में ज्ञापन सौंपकर दोनों समस्याओं का तत्काल निराकरण कराने की मांग की।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पीडीएस बारदाने की राशि संबंधित विभाग को करीब दो माह पूर्व प्राप्त हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उचित मूल्य दुकान संचालकों को अब तक भुगतान नहीं किया गया है। दुकानदारों का कहना है कि लंबे समय से बारदाने की राशि लंबित रहने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ई-पॉस में अचानक बढ़ा स्टॉक, दुकानदार परेशान

संघ ने ज्ञापन में ई-पॉस मशीन में स्टॉक संबंधी गंभीर गड़बड़ी का भी उल्लेख किया है। दुकानदारों के अनुसार अगस्त माह में ई-पॉस में जो चावल का स्टॉक दर्ज था, सितंबर माह में अचानक कई दुकानों में 80 से 100 क्विंटल तक अतिरिक्त स्टॉक प्रदर्शित होने लगा है। वास्तविक स्टॉक और ई-पॉस में प्रदर्शित स्टॉक में अंतर होने के कारण दुकानदार राशन वितरण नहीं कर पा रहे हैं।

दुकानदारों का कहना है कि मशीन में प्रदर्शित अतिरिक्त स्टॉक के कारण वितरण प्रक्रिया में तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्या उत्पन्न हो रही है। यदि समय रहते स्टॉक की गड़बड़ी को दुरुस्त नहीं किया गया तो पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन वितरण करने में और परेशानी हो सकती है।

संघ ने रखी दो प्रमुख मांगें - पीडीएस संघ ने कलेक्टर से मांग की है कि—बारदाने की लंबित राशि का तत्काल भुगतान कराया जाए। ई-पॉस मशीन में प्रदर्शित गलत/अतिरिक्त स्टॉक की जांच कर वास्तविक स्टॉक के अनुसार रिकॉर्ड दुरुस्त कराया जाए।

संघ ने कहा कि इन दोनों समस्याओं का शीघ्र समाधान होने पर ही पीडीएस दुकानदार सुचारु रूप से राशन वितरण का कार्य कर सकेंगे। ज्ञापन में बेमेतरा, नवागढ़, बेरला, साजा एवं थानखम्हरिया ब्लॉक के पीडीएस विक्रेताओं की ओर से समस्या के निराकरण की मांग की गई है। संघ ने कलेक्टर से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post