पुलिस के अनुसार, 05 सितंबर को सुनीत साहू (41), निवासी मोहतरा थाना साजा, अपने साथी के साथ शराब खरीदने साजा स्थित शासकीय शराब दुकान पहुंचा था। शाम करीब 5:30 बजे शराब दुकान के गेट के पास उसने एक युवक को एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मारपीट करते देखा। सुनीत साहू ने युवक को ऐसा करने से मना किया, जिस पर आरोपी ने कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कमर से धारदार चाकू निकालकर उसके दाहिने हाथ में कोहनी के पास वार कर दिया।
इसी दौरान आरोपी के साथी भीम साहू ने भी कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी देते हुए चाकू से हमला किया। वार से बचने के प्रयास में प्रार्थी की दाहिने हाथ की बीच वाली उंगली में चोट लग गई। घटना के दौरान एक व्यक्ति ने बीच-बचाव किया। आसपास लोगों की भीड़ जुटती देख दोनों आरोपी शराब दुकान के पीछे की दीवार कूदकर मौके से फरार हो गए।
BNS और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना साजा पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव एवं एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी साजा निरीक्षक जनक साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पूछताछ में अपराध स्वीकारने का पुलिस का दावा
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनीष उर्फ भीम साहू (19), पिता पुरन साहू, निवासी भरतपुर वार्ड नंबर-03, साजा को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार वस्तु सहित अन्य साक्ष्य जप्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी मनीष उर्फ भीम साहू को 06 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जबकि मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी साजा निरीक्षक जनक साहू, उप निरीक्षक असीम किर्तनिया, प्रधान आरक्षक दुर्गेश तिवारी, शिवराज सिंह, आरक्षक अर्जुन धुर्वे, कैलाश पाटिल, राजू यादव, गोकुल सोनी, प्रमोद बंजारे सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
