अर्नब तूफान की मार से खेतों में बिछीं खरीफ फसलें, किसानों को राहत देने प्रशासन ने शुरू किया सर्वे !

खेतों में उतरी राजस्व-कृषि विभाग की संयुक्त टीम, RBC 6(4) के तहत मिलेगा पात्र किसानों को मुआवजा


बेमेतरा टाइम्स । जिले में आए चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तूफान के प्रभाव से जिले के कई इलाकों में खेतों में खड़ी खरीफ फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। महीनों की मेहनत पर मौसम की मार पड़ने से किसान चिंतित हैं। किसानों को हुए नुकसान से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है।

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6(4) के तहत फसल क्षति का सर्वे कर पात्र किसानों को नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। निर्देश के परिपालन में शुक्रवार से राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर फसल क्षति का सर्वे शुरू कर दिया है।

संयुक्त टीम खेतों में पहुंचकर प्रभावित फसलों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण कर रही है। अधिकारियों द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत प्रदान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

प्रभावित किसान RI और कृषि विस्तार अधिकारी को दें सूचना

जिला प्रशासन ने प्रभावित किसानों से अपील की है कि जिनकी खरीफ फसलों को अर्नब तूफान के कारण नुकसान पहुंचा है, वे तत्काल अपने क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक (RI) अथवा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (RAEO) को इसकी जानकारी दें। इससे सर्वे टीम समय पर संबंधित खेतों तक पहुंचकर नुकसान का आकलन कर सकेगी।

प्रशासन के अनुसार सर्वे पूरा होने और पात्रता निर्धारित होने के बाद शासन के प्रावधानों के अनुरूप पात्र किसानों के बैंक खातों में RBC 6(4) के तहत राहत राशि प्रदान की जाएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post