राज्योत्सव की शाम अल्का चंद्राकर के सुरों से होगी गुलजार, 2 नवंबर को बेमेतरा में सजेगा छत्तीसगढ़ी संस्कृति का रंगारंग मंच

बेसिक स्कूल मैदान में शाम 6 बजे से होगा भव्य आयोजन, ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर सजेगी सांस्कृतिक महफिल


बेमेतरा टाइम्स । छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर बेमेतरा जिले में उत्साह, उमंग और छत्तीसगढ़ी संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा सोमवार, 2 नवंबर को शहर के बेसिक स्कूल मैदान में राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह में प्रदेश की सुप्रसिद्ध लोकगायिका अल्का चंद्राकर अपनी शानदार गायकी से समां बांधेंगी।

छत्तीसगढ़ शासन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ पर आयोजित इस राज्योत्सव में प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा, कला, संगीत और विकास की झलक देखने को मिलेगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की गौरवशाली पहचान और लोकपरंपराओं को मंच पर जीवंत किया जाएगा।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सुप्रसिद्ध लोकगायिका अल्का चंद्राकर की प्रस्तुति होगी। उनके छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की मधुर धुनों पर राज्योत्सव की शाम संगीतमय होने की उम्मीद है।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिलेवासियों से राज्योत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से इस सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बनकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post